बिहार में विकास की गंगा बहेगी, नितिन गडकरी ने परियोजनाओं...

बिहार में विकास की गंगा बहेगी, नितिन गडकरी ने परियोजनाओं...

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि सरकार की जो परियोजनाएं चल रही हैं उससे बिहार में विकास की गंगा बहेगी। मुंगेर सड़क पुल के लोकार्पण के मौके पर वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने बिहार में चल रही परियोजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

नितिन गडकरी ने दावा किया है कि आने वाले समय में बिहार में विकास की गंगा बहेगी। मुंगेर सड़क पुल के लोकार्पण के मौके पर वर्चुअल माध्यम से बिहार वासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार सड़कों पर इतना काम कर रही है कि कुछ समय बाद पूरे देश में सड़कों का नेटवर्क अमेरिका के बराबर हो जाएगा। नितिन गडकरी ने कहा कि जो भी परियोजनाएं चल रही हैं, उसका लाभ बड़े पैमाने पर बिहार को ही मिलेगा। उन्होंने बताया कि बिहार में भी गंगा पर इतने पुल बनेंगे कि यहां चारों ओर विकास की गंगा बहने लगेगी।

वहीं केंद्रीय मंत्री ने बताया कि गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे बन रहा है। यह सड़क बिहार से होकर गुजरेगी और उसका फायदा यहां के लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के तहत बिहार के भीतर 480 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे बनेगा। इसके लिए डीपीआर बन गई है। नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील की कि बिहार में जो भी संभावित नक्शा है, वह भेज दें, उसे मंजूरी मिलेगी।

साथ ही कहा कि बिहार में गंगा नदी पर 18 पुलों का निर्माण कर रहे हैं। जिसमें पटना में महात्मा गांधी सेतु पर काम चल रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि निर्माणाधीन सभी पुल तैयार होने से उत्तर प्रदेश, झारखंड सहित अन्य राज्यों के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। विक्रमशिला के समानांतर पुल दिसंबर, 2025 तक पूरा हो जाएगा। यह पुल भी उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार को जोड़ने का काम करेगा।

उन्होंने बिहार में बन रहे और भविष्य में बनने वाले पुल, एप्रोच पथ सहित फोरलेन और सिक्स लेन जैसे पथों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही कहा कि मुंगेर से मिर्जाचौकी तक बनने वाले फोरलेन पर 7800 करोड़ रूपये खर्च होंगे, जिसका कार्य अप्रैल से शुरू होगा।

नितिन गडकरी की माने तो इन परियोजनाओं से निश्चित रूप से बिहार के विकास को बड़ी गति मिलेगी। इससे बिहार में सड़क और पुल-पुलियों का जाल बिछेगा। साथ ही बड़ी संख्या में लोगों को रोज़गार मिलने की भी संभावना है।