PM मोदी की बिहार यात्रा पर वीआईपी का सवालों भरा हमला, पूछे 5 सवाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार यात्रा से पहले विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने पांच अहम सवाल उठाए हैं, जिनमें सहयोगी दलों के साथ विश्वासघात, निषाद समुदाय को आरक्षण, युवाओं को रोजगार, राज्य में बढ़ते अपराध और मजदूरों के पलायन जैसे मुद्दे शामिल हैं।

PM मोदी की बिहार यात्रा पर वीआईपी का सवालों भरा हमला, पूछे 5 सवाल
वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति

विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार यात्रा से पहले तीखे सवाल खड़े किए हैं। वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने भाजपा पर आरोप लगाया कि 2020 के चुनाव में मल्लाहों का वोट दिलाकर उनकी पार्टी ने एनडीए को सत्ता दिलाई, लेकिन बदले में उनके तीन विधायकों को भाजपा ने अपने साथ मिला लिया। उन्होंने सवाल किया, आप अपने सहयोगी के नहीं हो सकते तो किसके भरोसेमंद होंगे?

निषादों के आरक्षण पर सवाल
वीआईपी ने पीएम मोदी से पूछा कि बिहार के मल्लाह और निषाद समुदाय ने बार-बार आपको वोट दिया है, लेकिन उनकी पुरानी मांग, आरक्षण, आज तक पूरी नहीं हुई। बिहार के निषादों को आरक्षण क्यों नहीं दिया गया? यह सवाल पीएम मोदी से पूछा गया।

युवाओं के रोजगार पर सवालिया निशान
देव ज्योति ने बिहार के युवाओं के रोजगार की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, "बिहार के नौजवान पलायन करने को मजबूर हैं। राज्य में रोजगार कब मिलेगा? उन्होंने इसे सरकार की बड़ी विफलता बताया।

बिहार में बढ़ते अपराध पर सरकार चुप क्यों?
वीआईपी ने राज्य में बढ़ते अपराधों को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, "बिहार में महिलाओं के खिलाफ अपराध और हत्या की घटनाएं लगातार हो रही हैं। पीड़ितों को न्याय कब मिलेगा?"

मजदूरों के पलायन पर चिंता
वीआईपी ने प्रधानमंत्री से पूछा कि छठ और दिवाली के मौके पर लाखों मजदूर ट्रेन में भर-भरकर बिहार आते हैं और रोजगार के लिए फिर पलायन करते हैं। बिहार में फैक्ट्रियां कब लगेंगी? यह सवाल करते हुए उन्होंने औद्योगिक विकास की मांग की।

प्रधानमंत्री के दौरे से राजनीतिक तापमान बढ़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा बिहार में एनडीए के समर्थन को मजबूत करने के लिए अहम माना जा रहा है। दूसरी ओर, वीआईपी के सवाल सत्ताधारी गठबंधन के लिए चुनौती पेश कर सकते हैं।