बंगाल में चुनाव से पहले नुसरत जहां की मुश्किलें बढ़ीं, ईडी ने किया तलब; जानिए पूरा मामला
राशन घोटाले में नुसरत जहां को प्रवर्तन निदेशालय का नोटिस, 22 अप्रैल को पेश होने का निर्देश। चुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राशन घोटाले को लेकर हलचल तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद नुसरत जहां को प्रवर्तन निदेशालय ने 22 अप्रैल को पूछताछ के लिए तलब किया है। राज्य में 23 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग होनी है, ऐसे में इस कार्रवाई को काफी अहम माना जा रहा है।
दिल्ली में पेश होने की बात, एजेंसी ने किया इनकार
सूत्रों के मुताबिक नुसरत जहां ने एजेंसी को पत्र लिखकर बताया कि वह तय तारीख को दिल्ली में रहेंगी और वहीं पेश होना चाहती हैं। लेकिन जांच अधिकारियों का कहना है कि इस मामले के अधिकारी उस समय कोलकाता में मौजूद रहेंगे, इसलिए उन्हें वहीं उपस्थित होना होगा।
पहले भी हो चुकी है पूछताछ
यह पहला मौका नहीं है जब नुसरत जहां से इस मामले में पूछताछ हो रही है। इससे पहले भी एजेंसी उनसे कई बार सवाल-जवाब कर चुकी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि वह तय तारीख पर कहां पेश होंगी।
क्या है पूरा मामला
यह मामला जन वितरण प्रणाली के तहत गरीबों के लिए भेजे गए गेहूं और चावल की कथित हेराफेरी से जुड़ा है। जांच की शुरुआत 23 अक्टूबर 2020 को दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर हुई थी। आरोप है कि कोविड लॉकडाउन के दौरान सीमावर्ती इलाकों में राशन की तस्करी कर उसे बांग्लादेश भेजा गया। उस समय नुसरत जहां बसीरहाट से सांसद थीं, इसलिए उनसे पूछताछ को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लेन-देन की भी हो रही जांच
जांच एजेंसियां इस पूरे मामले से जुड़े लोगों और संगठनों के आर्थिक लेन-देन की भी पड़ताल कर रही हैं। माना जा रहा है कि यह एक संगठित गिरोह का मामला हो सकता है।
पहले भी विवादों में रह चुकी हैं
इससे पहले वर्ष 2023 में फ्लैट से जुड़े एक मामले में भी नुसरत जहां से कई घंटे तक पूछताछ की गई थी।


आँखें न्यूज़ 24 




