15 साल के वैभव सूर्यवंशी का तूफान, 43 रन बनाते ही तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड; अपने नाम किया ऑरेंज कैप
राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने पंजाब के खिलाफ 16 गेंदों में 43 रन की विस्फोटक पारी खेलकर नया इतिहास रच दिया। इस पारी के साथ वह इस सत्र में सबसे तेज 400 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए और ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली।
राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींच लिया। पंजाब के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में 43 रन ठोक दिए। इस पारी में उन्होंने 5 छक्के और 3 चौके लगाए।
इस शानदार पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी ने मौजूदा सत्र में 400 रन पूरे कर लिए। इतना ही नहीं, वह इस सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए और ऑरेंज कैप भी उनके सिर पर सज गई।
सबसे तेज 400 रन का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी अब एक सत्र में सबसे कम गेंदों पर 400 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने केवल 167 गेंदों में यह आंकड़ा छू लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम था, जिन्होंने 188 गेंदों में 400 रन बनाए थे।
बड़े खिलाड़ियों को छोड़ा पीछे
इस सूची में अभिषेक शर्मा और निकलोस पूरन जैसे बड़े नाम भी पीछे रह गए। अभिषेक शर्मा ने 195 गेंदों और पूरन ने 197 गेंदों में 400 रन पूरे किए थे, लेकिन अब यह उपलब्धि वैभव सूर्यवंशी के नाम दर्ज हो गई है।
छक्कों-चौकों की बरसात
15 साल के इस बल्लेबाज ने मौजूदा सत्र में अब तक 37 छक्के और 34 चौके लगाए हैं। वह एक शतक और दो अर्धशतक भी जमा चुके हैं। उनकी आक्रामक शैली ने विरोधी टीमों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
डेब्यू के बाद सबसे ज्यादा छक्के
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल लीग में पदार्पण किया था। तब से अब तक वह 61 छक्के लगा चुके हैं। उनके बाद अभिषेक शर्मा 46 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
पावरप्ले में सबसे खतरनाक बल्लेबाज
मौजूदा सत्र में शुरुआती छह ओवरों में वैभव का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 130 गेंदों में 319 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 245.4 रहा है। पावरप्ले में वह 29 छक्के और 29 चौके भी जड़ चुके हैं।
गेंदबाजों पर किया हमला
पंजाब के खिलाफ उन्होंने लॉकी फर्ग्यूसन, मार्को यानसन और अर्शदीप सिंह जैसे गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किए। शुरुआत से ही उनके इरादे साफ दिखे और राजस्थान को तेज शुरुआत मिली।


आँखें न्यूज़ 24 




