मानसून का कहर: झारखंड में भारी बारिश से 2 छात्रों सहित 3 की मौत, स्कूल बंद; अलर्ट जारी
झारखंड में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित। खूंटी में दो छात्रों की मौत, रांची में मकान ढहा। स्वर्णरेखा नदी उफान पर, मैथन डैम से पानी छोड़ा गया।
झारखंड के खूंटी जिले में भारी बारिश के कारण एक निर्माणाधीन कुआं ढह गया, जिससे मिट्टी के नीचे दबे दो स्कूली छात्रों के शव 22 घंटे बाद बरामद किए गए। यह घटना मुरहू थाना क्षेत्र के मुरहू पंचायत में बुधवार दोपहर हुई। मृत छात्रों की उम्र नौ और 10 वर्ष थी। इस घटना ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
रांची में मकान ढहने से बच्ची की मौत
राजधानी रांची में भारी बारिश के चलते एक कच्चा मकान ढह गया, जिसमें 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। जिले में अन्य जगहों पर भी बारिश से बड़े नुकसान की खबरें हैं।
पुल और इमारत ढहने की घटनाएं
तोरपा क्षेत्र में नदी पर बने एक पुल का हिस्सा ढह गया, जिससे खूंटी-सिमडेगा मार्ग बाधित हो गया है। पूर्व सिंहभूम जिले में एक खाली आवासीय इमारत गिर गई, हालांकि उसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने इस इमारत को पहले ही असुरक्षित घोषित कर दिया था।
नदियों का उफान और बाढ़ का खतरा
झारखंड के जमशेदपुर में स्वर्णरेखा और खरकाई नदियां उफान पर हैं। जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर चांडिल डैम के चार फाटक खोल दिए हैं। नदी किनारे बसे इलाकों के निवासियों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगरीय व्यवस्थाएं ध्वस्त
जमशेदपुर में बारिश के पानी का निकास न होने से कई इलाकों में पानी भर गया है। कदमा, मानगो, बागबेड़ा, और शास्त्रीनगर जैसे इलाकों में सैकड़ों घरों में पानी घुस गया है। विधायक सरयू राय ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मदद पहुंचाई।
मैथन डैम से पानी छोड़ा गया
धनबाद जिले में भारी बारिश के कारण मैथन डैम के तीन गेट और चार गैलरी खोली गई हैं। बीस हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
मानसून का असर
मानसून की पहली मूसलाधार बारिश ने झारखंड के जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने और निचले इलाकों को खाली करने के निर्देश दिए हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




