अयोध्या में ऐतिहासिक क्षण: PM मोदी और RSS प्रमुख मोहन भागवत ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर फहराया ध्वज
अयोध्या में प्रधानमंत्री मोदी और RSS प्रमुख मोहन भागवत ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराया। रोड शो, पूजा-अर्चना और जनउत्साह ने रामनगरी को भक्ति रंग में रंग दिया।
अयोध्या में मंगलवार का दिन इतिहास में दर्ज हो गया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भव्य शिखर पर ध्वज फहराकर ‘संकल्प सिद्धि’ का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री जैसे ही रामनगरी पहुंचे, उन्हें देखने और स्वागत करने के लिए श्रद्धालुओं का विशाल सैलाब उमड़ पड़ा। सड़क किनारे खड़े हजारों लोगों ने जय श्रीराम और जय जय हनुमान के नारों से पूरा वातावरण गूंजा दिया।
रोड शो में फूलों की बारिश, अयोध्यावासियों का जोश देखने लायक
साकेत महाविद्यालय के हैलीपैड पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री का काफिला टेढ़ी बाजार से होते हुए राम मंदिर परिसर तक पहुंचा। रास्ते भर स्थानीय लोगों ने भगवा झंडे और तिरंगे लहराते हुए प्रधानमंत्री के काफिले पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान पीएम मोदी ने भी हाथ हिलाकर जनता को अभिवादन किया। रामनगरी में ऐसा उत्साह देखने को मिला जैसे पूरा शहर एक त्योहार मना रहा हो।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर हुआ ध्वजारोहण
मंदिर परिसर पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी और मोहन भागवत ने विधिविधान से ध्वजारोहण संपन्न किया। यह क्षण श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के एक नए अध्याय की शुरुआत जैसा प्रतीत हुआ। समारोह में मौजूद लोगों की आंखें खुशी और गर्व से चमक उठीं।
सप्त मंदिरों में पूजा-अर्चना कर झुकाया शीश
ध्वजारोहण के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सप्त मंदिरों में पहुंचकर महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुह्य और माता शबरी के चरणों में शीश नवाया। उन्होंने शेषावतार मंदिर और माता अन्नपूर्णा के दर्शन भी किए। पूरे परिसर में पारंपरिक मंत्रोच्चार गूंज रहा था।
रामलला के समक्ष आरती, RSS प्रमुख और CM योगी साथ रहे उपस्थित
राम दरबार पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, RSS प्रमुख मोहन भागवत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से दर्शन-पूजन किया और रामलला की आरती में सम्मिलित हुए। पुजारियों ने तीनों विशिष्ट अतिथियों को राम नाम अंकित गमछा ओढ़ाया और प्रसाद प्रदान किया। यह क्षण अत्यंत भावुक और ऐतिहासिक रहा।


आँखें न्यूज़ 24 




