विरोधियों पर जमकर बरसें पीएम मोदी, कहा- 'छठी मइया का अपमान करने वालों को जनता देगी जवाब'

PM मोदी ने मुजफ्फरपुर रैली में छठ महापर्व को यूनेस्को में शामिल कराने की बात कही और RJD-कांग्रेस पर जंगलराज, भ्रष्टाचार और अपमान का आरोप लगाया।

विरोधियों पर जमकर बरसें पीएम मोदी, कहा-  'छठी मइया का अपमान करने वालों को जनता देगी जवाब'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुजफ्फरपुर की जनसभा को संबोधित करते हुए

बिहार के मुजफ्फरपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “बिहार का विकास, विकसित भारत की नींव है।” उन्होंने मंच पर आते ही “भारत माता की जय” के नारे से पूरा माहौल देशभक्ति के जोश में भर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की जनता के प्रति वे “कर्जदार” हैं, क्योंकि राज्य ने हमेशा देश की दिशा तय की है।

छठ महापर्व को यूनेस्को सूची में लाने की पहल
पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत बिहार की सांस्कृतिक पहचान छठ महापर्व से की। उन्होंने कहा, “छठी मइया की पूजा में मां की ममता, त्याग और सामाजिक समरसता की भावना झलकती है। ये सिर्फ पर्व नहीं, हमारी साझा विरासत है।”

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार प्रयासरत है कि छठ महापर्व को UNESCO’s Intangible Cultural Heritage की सूची में शामिल कराया जाए। “जब दुनिया छठ को भारत की महान विरासत के रूप में जानेगी, तब हर बिहारी और हर हिंदुस्तानी को गर्व होगा,” पीएम ने कहा।

कांग्रेस और RJD पर तीखा वार
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी महागठबंधन को निशाने पर लेते हुए कहा कि RJD और कांग्रेस की जोड़ी “तेल और पानी” जैसी है—दिखने में साथ हैं, पर असल में कभी मिल नहीं सकते। उन्होंने कहा, “इनका साथ रहना मजबूरी है, लेकिन बिहार की जनता अब इनके झूठे वादों को पहचान चुकी है।”

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और RJD छठ जैसे पवित्र पर्व का भी मजाक उड़ाने से नहीं चूक रहे। “छठी मइया का अपमान करने वाले वोट मांगने की हिम्मत कैसे कर सकते हैं? ऐसा अपमान बिहार और हिंदुस्तान बर्दाश्त नहीं करेगा,” उन्होंने कहा। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि ऐसे लोगों को लोकतांत्रिक तरीके से सजा दी जानी चाहिए।

‘जंगलराज’ और भ्रष्टाचार पर निशाना
प्रधानमंत्री ने कहा कि RJD और कांग्रेस के शासनकाल में बिहार “जंगलराज, भ्रष्टाचार और आतंक” से त्रस्त था। उन्होंने कहा, “इनकी पहचान है पाँच ‘क’ से—कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन। यही जंगलराज की पहचान है।”

PM मोदी ने यह भी कहा कि बिहार को यदि समृद्ध भारत का हिस्सा बनाना है, तो ऐसे लोगों से मुक्ति ज़रूरी है जो “विकास नहीं, विनाश की राजनीति” करते हैं।

मुजफ्फरपुर की लीची और जनता की मिठास पर मोदी का अंदाज़
भाषण के बीच पीएम मोदी ने स्थानीय संस्कृति को सलाम करते हुए कहा, “मुजफ्फरपुर की लीची जितनी मीठी, उतनी ही मीठी यहां की बोली है।” उन्होंने बारिश के बावजूद भारी भीड़ देखकर कहा कि “बिहार की जनता का यह उत्साह बता रहा है कि NDA की फिर से भारी जीत तय है।”

‘विकसित भारत’ में बिहार की भूमिका पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि जब भारत ज्ञान और अर्थव्यवस्था की ताकत था, तब उसमें बिहार की बड़ी भूमिका थी। अब विकसित भारत की यात्रा में भी बिहार अग्रणी रहेगा। “NDA की सरकार का मकसद बिहार का गौरव और समृद्धि दोनों बढ़ाना है,” उन्होंने कहा।