पवन सिंह का बड़ा बयान: 'खेसारी मेरा छोटा भाई है, गलती कर भी दे तो बड़ा भाई माइंड नहीं करता' — चुनावी माहौल में बोले पावरस्टार
पवन सिंह ने पटना में बिहार चुनाव के बीच खेसारी लाल संग रिश्ते पर चुप्पी तोड़ी। बोले- 'वो मेरा छोटा भाई है, भगवान उसे खूब तरक्की दे।'
बिहार में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं, राजनीतिक माहौल गर्म होता जा रहा है। इसी सियासी हलचल के बीच भोजपुरी के पावरस्टार पवन सिंह पटना में एक खास कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने न सिर्फ भोजपुरी इंडस्ट्री के अपने अनुभव और साथी कलाकारों के साथ अपने रिश्तों पर खुलकर बात की, बल्कि चुनावी रणनीतियों पर भी अपनी राय दी।
भोजपुरी सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में से एक पवन सिंह अपनी एक्टिंग के साथ-साथ गायकी के लिए भी जाने जाते हैं। उनके गाने यूट्यूब पर रिकॉर्ड तोड़ व्यूज पाते हैं। पवन ने हाल ही में बॉलीवुड में भी अपनी सिंगिंग का डेब्यू किया है।
भोजपुरी इंडस्ट्री में कोऑपरेशन पर पवन सिंह का नजरिया
कार्यक्रम के दौरान पवन से पूछा गया कि वो हमेशा अपनी फीमेल को-स्टार्स की तारीफ करते हैं, क्या मेल एक्टर्स की भी तारीफ करते हैं? इस पर उन्होंने बेबाकी से कहा, किसी से कोई अनबन नहीं है। रोज़ कुछ न कुछ सीखना होता है। हम जब सेट पर बैठते हैं तो यही सोचते हैं कि इस सीन का हीरो सामने वाला है। कई बार अपनी लंबी लाइनें छोटी कर देता हूं ताकि सामने वाले का रोल और निखर सके। कोऑपरेशन से ही अच्छा काम होता है।
खेसारी लाल यादव पर दिया बड़ा बयान
खेसारी लाल संग रिश्ते को लेकर पवन सिंह का जवाब सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहा है। उन्होंने कहा, जो इंसान ज्यादा बोलता है, वो दिल का साफ होता है। कभी-कभी उसके मुंह से कुछ निकल जाता है। ये भी मायने रखता है कि हमारे आसपास कौन लोग हैं, कान कौन भर रहा है। खेसारी मेरा छोटा भाई है। अगर छोटा भाई कोई गलती कर भी दे, तो बड़े भाई को माइंड नहीं करना चाहिए। वो अच्छा इंसान है, अच्छा कलाकार है। भगवान उसे खूब तरक्की दे।
पवन सिंह का यह बयान उनके और खेसारी लाल के बीच लंबे समय से चली आ रही खटास को दूर करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।


आँखें न्यूज़ 24 




