बिहार SIR विवाद: तेजस्वी यादव का आरोप — डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा के दो वोटर ID, दो EPIC नंबर
बिहार में SIR ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को लेकर नया विवाद। तेजस्वी यादव ने डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा पर दो अलग-अलग जिलों में नाम दर्ज कराने और दो EPIC नंबर रखने का आरोप लगाया। क्या चुनाव आयोग कार्रवाई करेगा?
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी विधायक तेजस्वी यादव ने रविवार को प्रेस वार्ता में राज्य की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा का नाम मतदाता सूची में दो अलग-अलग जिलों — पटना और लखीसराय — में दर्ज है।
दो EPIC नंबर और उम्र में अंतर का दावा
तेजस्वी ने मीडिया को दो अलग-अलग वोटर ID कार्ड दिखाए और ऑनलाइन डिटेल भी चेक कराई। उनके मुताबिक, पटना जिले के बूथ संख्या 405, क्रम संख्या 757 पर विजय कुमार सिन्हा का नाम दर्ज है, जिसका EPIC नंबर AFS0853341 है। वहीं, लखीसराय जिले के बूथ संख्या 231, क्रम संख्या 274 पर भी उनका नाम है, जिसके लिए EPIC नंबर IAF3939337 जारी किया गया है। दोनों कार्डों में उम्र में भी अंतर है।
SIR प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल
तेजस्वी ने इसे SIR में बड़े फर्जीवाड़े का उदाहरण बताते हुए कहा — डिप्टी CM का यह हाल है। मेरा मामला आया तो मीडिया ट्रायल हुआ, चुनाव आयोग को जवाब देने के बाद भी मुझे दोबारा नोटिस भेजा गया। क्या अब विजय कुमार सिन्हा को भी दो जगह से नोटिस मिलेगा — एक पटना से और दूसरा लखीसराय से?
बिहार की सियासत में बढ़ी गरमी
राज्य में मतदाता सूची की शुद्धता पहले से ही सवालों के घेरे में है। अब डिप्टी सीएम का नाम दो जगह होने के आरोप ने SIR प्रक्रिया की पारदर्शिता पर नई बहस छेड़ दी है। गौरतलब है कि तेजस्वी यादव खुद भी दो EPIC कार्ड रखने के आरोपों को लेकर पहले से विवादों में घिरे हुए हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




