दिल्ली पुलिस ने ISI के हनी ट्रैप नेटवर्क का किया भंडाफोड़, स्लीपर सेल के हसीन-कासिम गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसआई के निर्देश पर भारत में स्लीपर सेल चलाने वाले हसीन और कासिम को राजस्थान से गिरफ्तार किया। NIA ने 8 राज्यों में पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क के खिलाफ छापेमारी कर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए। पंजाब, हरियाणा, यूपी, दिल्ली समेत कई राज्यों से जासूसों की गिरफ्तारी जारी।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजस्थान के डीग जिले से आईएसआई के निर्देश पर काम कर रहे स्लीपर सेल नेटवर्क के दो प्रमुख सदस्यों, हसीन और कासिम, को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में हसीन ने स्वीकार किया कि वह पाकिस्तान से अधिक से अधिक लोगों को इस जासूसी नेटवर्क से जोड़ने के लिए काम कर रहा था।
उसने चार भारतीय नंबर भी आईएसआई को उपलब्ध कराए थे, जिनका उपयोग हनी ट्रैप ऑपरेशन में भारतीय नागरिकों को फंसाने के लिए किया जा रहा था। हसीन ने बताया कि वह दो-तीन बार पाकिस्तान गया था और अपने रिश्तेदारों के फोन का इस्तेमाल पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क के लिए करता था।
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान समेत आठ राज्यों में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से जुड़े संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, संदिग्ध वित्तीय दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की गई। पंजाब और हरियाणा से कई जासूस भी गिरफ्तार किए गए हैं। इस कार्रवाई से पाकिस्तान की जासूसी साजिशों पर बड़ा असर पड़ा है।


आँखें न्यूज़ 24 




