दिल्ली फिर पानी-पानी: बारिश में डूबी चार इंजन सरकार, आप बोली- ‘स्विमिंग पूल बना डाला’
दिल्ली में बारिश के बाद जलभराव ने बीजेपी सरकार के दावों की पोल खोली। AAP नेताओं ने रेखा गुप्ता सरकार पर तीखा हमला बोला। जानें पूरी रिपोर्ट।
दिल्ली की जनता एक बार फिर पानी-पानी हो गई। राजधानी में महज एक घंटे की बारिश ने बीजेपी की चार-इंजन सरकार के तमाम दावों की पोल खोल दी। जगह-जगह पानी भरने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोला।
AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने लुटियंस दिल्ली की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करते हुए लिखा, ये लुटियंस दिल्ली है, जहां पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा का सरकारी घर है। सिर्फ़ एक घंटे की बारिश में ये हाल हो गया। फुलेरा पंचायत के चारों इंजन भी पानी में डूब गए। अलकनंदा और ग्रेटर कैलाश का तो और भी बुरा हाल है।
'चार इंजन' भी डूबे, जनता बेबस
सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाया कि अगर बीजेपी सरकार ने सारे इंतजाम पुख्ता किए थे तो दिल्ली क्यों डूबी? उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पीडब्ल्यूडी मंत्री और मेयर ने दावा किया था कि इस बार दिल्ली नहीं डूबेगी। लेकिन एक घंटे की बारिश ने सारे वादों की सच्चाई दिखा दी।”
मेयर को मिला ‘स्विमिंग’ का न्योता
AAP के वरिष्ठ नेता और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने तंज कसते हुए लिखा, चार इंजन वाली बीजेपी सरकार के होते हुए भी दिल्ली जल नगर बन गई। मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा था कि दिल्ली वाले मानसून इंजॉय करेंगे। अब जब दिल्ली स्विमिंग पूल बन गई है, तो मेयर साहब खुद भी आ जाइए — मिलकर स्विमिंग करते हैं!
अंडरग्राउंड तक डूब गई दिल्ली!
एक अन्य पोस्ट में अंकुश नारंग ने लिखा, बीजेपी की ‘एंजॉयमेंट’ की परिभाषा देखिए — बसों का डूबना, गाड़ियों का फँसना, लोग सड़कों पर तैरना। अब तो जनता को अंडरग्राउंड में भी स्विमिंग करने के लिए मजबूर कर दिया गया है।


आँखें न्यूज़ 24 




