फरीदाबाद D-Mart मॉल में DJ पर डांस करते युवक की मौत, CCTV में कैद हुआ आखिरी पल
फरीदाबाद के सेक्टर-75 स्थित D-Mart मॉल में DJ पर डांस करते युवक की अचानक मौत। CCTV फुटेज आया सामने, हार्ट अटैक की आशंका, परिजनों ने जताई हत्या की संभावना।
हरियाणा के फरीदाबाद में रविवार रात एक खुशहाल माहौल अचानक मातम में बदल गया, जब सेक्टर-75 स्थित डी-मार्ट मॉल में डांस कर रहे एक युवक की अचानक मौत हो गई। कंपनी के कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान देवकी नंदन नाम का युवक DJ की धुन पर मस्ती में थिरक रहा था। इसी दौरान कुछ ही सेकेंड में वह फर्श पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
युवक के गिरते ही उसके साथियों ने बिना देर किए उसे पास के अस्पताल ले जाने की कोशिश की। गंभीर हालत में सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल पहुंचाए जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक को हार्ट अटैक आया था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
CCTV फुटेज में दिखा आखिरी डांस
घटना का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि युवक अपने एक साथी के साथ DJ पर डांस कर रहा था। अचानक उसकी चाल लड़खड़ाई और वह जमीन पर गिर पड़ा। वीडियो में किसी तरह की झड़प या धक्का-मुक्की नहीं दिख रही है, लेकिन फुटेज ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
युवक की मौत के बाद परिजनों ने इस घटना को सामान्य मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जाहिर की है। परिजनों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का लग रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल में डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है और CCTV फुटेज सहित सभी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।
मथुरा का रहने वाला था मृतक युवक
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देवकी नंदन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा का निवासी था। वह फरीदाबाद के सेक्टर-79 स्थित डी-मार्ट में क्रिसमस के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा हुआ था। जश्न की तैयारी के बीच उसकी अचानक हुई मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।


आँखें न्यूज़ 24 




