कोविड वैक्सीन और युवाओं की अचानक मौत का सच! ICMR और AIIMS की स्टडी में हुआ खुलासा

ICMR और AIIMS की स्टडी में साफ हुआ कि कोविड वैक्सीन से अचानक मौत का कोई संबंध नहीं। जानिए युवाओं में हार्ट अटैक के असली कारण।

कोविड वैक्सीन और युवाओं की अचानक मौत का सच! ICMR और AIIMS की स्टडी में हुआ खुलासा

पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप यूनिवर्स में एक बात तेजी से वायरल हो रही है — क्या COVID-19 वैक्सीन लेने के बाद युवाओं की अचानक मौत हो रही है? खासकर 18 से 45 साल की उम्र के बीच हार्ट अटैक से मौत की खबरें चिंता का विषय बनी हुई हैं।

इस गंभीर और संवेदनशील मुद्दे को लेकर अब भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। ICMR (भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद) और AIIMS (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, दिल्ली) की विस्तृत स्टडी के हवाले से सरकार ने स्पष्ट किया है कि कोविड वैक्सीन और अचानक होने वाली मौतों के बीच कोई सीधा संबंध नहीं पाया गया है।

ICMR और NCDC की संयुक्त रिसर्च: क्या कहता है डेटा?
ICMR और NCDC (National Centre for Disease Control) ने इस मुद्दे पर दो अलग-अलग स्तरों पर रिसर्च की, एक अध्ययन मौजूदा मेडिकल डेटा के आधार पर किया गया। दूसरा अध्ययन अब भी जारी है, ताकि और गहराई से कारणों का विश्लेषण किया जा सके।

ICMR के तहत काम कर रहे राष्ट्रीय महामारी विज्ञान संस्थान (NIE) ने मई से अगस्त 2023 के बीच एक महत्वपूर्ण अध्ययन किया। इसमें देश के 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मौजूद 47 बड़े अस्पतालों से जानकारी जुटाई गई।

इस स्टडी में उन 18-45 वर्षीय युवाओं को शामिल किया गया जो पहले पूरी तरह से स्वस्थ थे, लेकिन अक्टूबर 2021 से मार्च 2023 के बीच अचानक मौत का शिकार हो गए। स्टडी में यह बात स्पष्ट रूप से सामने आई कि COVID वैक्सीन से युवाओं में अचानक मौत का खतरा नहीं बढ़ा।

AIIMS दिल्ली की गहराई से जांच: हार्ट अटैक ही मुख्य वजह?
AIIMS, दिल्ली की एक अलग रिसर्च टीम इस विषय पर फोकस्ड स्टडी कर रही है। शुरुआती नतीजों में यह बात सामने आई है कि युवाओं में अचानक मौत के पीछे हार्ट अटैक की घटनाएं आम रही हैं। इसके अलावा, पुरानी बीमारियां (कॉमॉर्बिडिटी) और अनुवांशिक कारण (Genetic Factors) भी जिम्मेदार पाए गए हैं। बीते कुछ वर्षों की तुलना में अचानक होने वाली मौतों में कोई असाधारण वृद्धि नहीं देखी गई है।

सरकार की अपील: अफवाहों से रहें दूर, भरोसेमंद सूचना ही शेयर करें
स्वास्थ्य मंत्रालय ने देशवासियों से अपील की है कि कोविड वैक्सीन को लेकर किसी भी भ्रामक या डराने वाली खबर पर भरोसा न करें। सभी को अपने स्त्रोतों की सच्चाई की फैक्ट चेकिंग करनी चाहिए और अफवाहों से बचना चाहिए।