माली में काम कर रहे भारतीय कर्मचारियों का अपहरण, अल-कायदा से जुड़े आतंकियों पर शक

माली में अल-कायदा से जुड़े आतंकियों ने डायमंड सीमेंट फैक्ट्री से तीन भारतीयों को अगवा कर लिया। भारत ने माली सरकार से तत्काल सुरक्षित रिहाई की मांग की है। जानिए पूरी खबर और माली में हालिया आतंकी घटनाओं का ब्यौरा।

माली में काम कर रहे भारतीय कर्मचारियों का अपहरण, अल-कायदा से जुड़े आतंकियों पर शक
प्रतीकात्मक तस्वीर

पश्चिम अफ्रीकी देश माली से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है जहां अल-कायदा से जुड़े आतंकियों ने भारत के तीन नागरिकों को डायमंड सीमेंट फैक्ट्री से अगवा कर लिया। यह घटना 1 जुलाई को माली के कायेस क्षेत्र में घटी जब आतंकवादियों के एक समूह ने अचानक फैक्ट्री पर हमला कर तीन भारतीयों को जबरन अपने साथ ले गए।

भारत सरकार ने इस घटनाक्रम पर गंभीर चिंता जताते हुए माली सरकार से आग्रह किया है कि वह उनकी 'सुरक्षित और शीघ्र रिहाई' सुनिश्चित करे। विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि यह घटना उस समय हुई जब सशस्त्र हमलावर फैक्ट्री परिसर में दाखिल हुए और भारतीय नागरिकों को अगवा कर लिया गया।

जिम्मेदारी अभी स्पष्ट नहीं
अब तक किसी संगठन ने इस अपहरण की औपचारिक जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन इसी सप्ताह मंगलवार को जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन (JNIM) – जो कि अल-कायदा से जुड़ा एक समूह है – ने माली में हुए कुछ आतंकी हमलों की जिम्मेदारी जरूर ली है।

माली में आतंकवाद का बढ़ता असर
माली पिछले कुछ वर्षों से आतंकी हमलों की चपेट में रहा है। 1 जुलाई से पहले, 17 सितंबर 2024 को राजधानी बमाको में बड़े पैमाने पर बम धमाके हुए थे जिसमें 77 लोगों की मौत और 200 से अधिक घायल हुए थे। इससे पहले, 7 सितंबर 2023 को टिम्बकटू के पास नाइजर नदी में एक नौका पर हमला हुआ था, जिसमें 74 लोग मारे गए थे — इनमें 49 नागरिक, 20 हमलावर और सुरक्षा टीम के सदस्य शामिल थे।