पटना में हकीकत बनी मेट्रो की सवारी, सीएम नीतीश ने दिखाई हरी झंडी; जानिए किराया, टाइमिंग और खासियतें
बिहार की राजधानी पटना को मिली मेट्रो की सौगात। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 6 अक्टूबर 2025 को पहले फेज का उद्घाटन किया। जानें रूट, किराया, सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी।
जिस पल का पटना के लोग लंबे वक्त से इंतजार कर रहे थे, वो ऐतिहासिक घड़ी आखिरकार आ ही गई। बिहार की राजधानी पटना ने आज 6 अक्टूबर 2025 को अपनी पहली मेट्रो सेवा का स्वागत किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुबह 11 बजे पाटलिपुत्र बस टर्मिनल डिपो से मेट्रो के पहले चरण का उद्घाटन किया और खुद मेट्रो में सफर भी किया।
पहला फेज: भूतनाथ रोड से न्यू ISBT तक
पटना मेट्रो का पहला चरण भूतनाथ रोड से लेकर न्यू ISBT स्टेशन तक चलेगा। यह पूरी लाइन फिलहाल सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होगी। हर 20 मिनट में एक मेट्रो स्टेशन पर पहुंचेगी और रोज़ाना लगभग 40 से 42 ट्रिप्स लगाएगी।
किराया और टाइमिंग: जेब पर हल्का, सफर में आराम
न्यूनतम किराया: ₹15
अधिकतम किराया: ₹30
आईएसबीटी से जीरो माइल: ₹15
भूतनाथ से न्यू ISBT: ₹30
शुरुआती चरण में मेट्रो की अधिकतम गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है।
मधुबनी पेंटिंग से सजे कोच, बिहार की विरासत का जलवा
मेट्रो के अंदर झलकता है बिहार का गौरव! प्रत्येक कोच को मधुबनी आर्ट से खूबसूरती से सजाया गया है। गोलघर, महाबोधि मंदिर, बुद्ध स्तूप, नालंदा खंडहर जैसे विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की झलक कोचों की दीवारों और खिड़कियों पर दिखाई देती है।
सुरक्षा में हाईटेक सिस्टम और पैनिक बटन की सुविधा
हर कोच में लगे हैं 360-डिग्री CCTV कैमरे, दो इमरजेंसी बटन, और माइक्रोफोन ताकि किसी भी आपात स्थिति में सीधे ड्राइवर या कंट्रोल रूम से बात की जा सके।
हर कोच में 138 सीटें
- 945 यात्री खड़े होकर यात्रा कर सकते हैं
- महिलाओं और दिव्यांगों के लिए 12 सीटें आरक्षित
Bihar Special Armed Police (BSAP) के जवान हर स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे।
टेक-स्मार्ट मेट्रो: चार्जिंग और इंफो डिस्प्ले की सुविधा
हर मेट्रो कोच में मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट दिए गए हैं। डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगातार अगले स्टेशन की जानकारी देता रहेगा, साथ ही घोषणाएं भी ऑटोमेटिक चलेंगी।
PMRC की तैयारी और CM की नई पहल
पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (PMRC) ने सिग्नलिंग, ट्रैक, ब्रेकिंग सिस्टम और सभी तकनीकी जांच पूरी की। सुरक्षा मानकों पर पास होने के बाद ही परिचालन की मंजूरी मिली। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कॉरिडोर-1 के तहत पटना जंक्शन से न्यू ISBT तक छह भूमिगत मेट्रो स्टेशनों और 9.35 किलोमीटर लंबी सुरंग की आधारशिला भी रखी।


आँखें न्यूज़ 24 




