बिहार और बंगाल को पीएम मोदी की बड़ी सौगात: 18,200 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन, राजनीतिक माहौल गर्माया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार और पश्चिम बंगाल के दौरे पर। गयाजी में 13,000 करोड़ और बंगाल में 5,200 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा और ममता बनर्जी के विरोध के बीच यह दौरा सियासी रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।

बिहार और बंगाल को पीएम मोदी की बड़ी सौगात: 18,200 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन, राजनीतिक माहौल गर्माया
PM Narendra Modi

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार और पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बिहार में 13,000 करोड़ रुपए और पश्चिम बंगाल में 5,200 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

बिहार में गयाजी (बोधगया) और पश्चिम बंगाल के दमदम में आयोजित कार्यक्रमों और जनसभाओं के जरिए पीएम मोदी विकास का संदेश देंगे और साथ ही विपक्ष पर भी हमला बोलने की संभावना है।

बिहार को मिलेगा इंफ्रास्ट्रक्चर और रेलवे का तोहफा
गयाजी स्थित मगध विश्वविद्यालय परिसर में पीएम मोदी गंगा नदी पर बने नए पुल, फोर लेन हाईवे और दो अमृत भारत ट्रेनों की सौगात देंगे। यह दौरा कई मायनों में खास है क्योंकि गया का नाम बदलकर ‘गयाजी’ किए जाने के बाद प्रधानमंत्री पहली बार यहां पहुंच रहे हैं।

2020 के चुनावी आंकड़े और BJP की चुनौती
साल 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में मगध क्षेत्र में एनडीए का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा था। 
- गया जिले की 10 सीटों में NDA को 5 पर सफलता मिली। 
- औरंगाबाद की 6, जहानाबाद की 3 और अरवल की 2 सीटों पर NDA को करारी हार
- नवादा की 5 सीटों में केवल 1 पर जीत

इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पीएम मोदी का यह दौरा एनडीए के कार्यकर्ताओं में जोश भरने और वोट बैंक मजबूत करने की रणनीति माना जा रहा है।

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा पर सीधा जवाब?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में अपनी वोटर अधिकार यात्रा के दौरान गयाजी का दौरा कर बीजेपी और नीतीश कुमार पर हमला बोला था। अब मोदी की गयाजी जनसभा को राहुल की चुनौती का जवाब माना जा रहा है।

इधर, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और वाम दलों के नेता दीपंकर भट्टाचार्य राहुल के साथ इंडिया गठबंधन की मजबूती दिखा रहे हैं।

बंगाल में 5,200 करोड़ की परियोजनाएं और TMC पर वार
पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी मेट्रो से जुड़ी तीन बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। यह उनका इस साल का तीसरा बंगाल दौरा है।

दमदम में होने वाली सभा में प्रधानमंत्री के एक बार फिर से ममता बनर्जी और टीएमसी पर भ्रष्टाचार और बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने के आरोप दोहराने की संभावना है।

दमदम और उत्तर 24 परगना: BJP के लिए चुनौती और उम्मीद
दमदम लोकसभा केंद्र की सभी सात विधानसभा सीटें (खड़दह, दमदम, पनिहाटी, कमरहाटी, बारानगर, दमदम और राजारहाट गोपालपुर) फिलहाल टीएमसी के कब्जे में हैं। हालांकि, अतीत में यहां से भाजपा नेता तपन सिकदर सांसद चुने गए थे और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री भी बने थे। यही वजह है कि यह इलाका बीजेपी के लिए आज भी राजनीतिक रूप से अहम माना जाता है।