शिखर धवन ने सोफी शाइन संग की सगाई, इंस्टाग्राम पर शेयर की फोटो
भारतीय क्रिकेट के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ सगाई का ऐलान किया। इंस्टाग्राम पोस्ट से दी खुशखबरी, जानिए उनकी लव स्टोरी और करियर की पूरी जानकारी।
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ी खुशखबरी दी है। धवन ने अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ सगाई का ऐलान कर दिया है। सोमवार को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दोनों की एक तस्वीर साझा करते हुए यह जानकारी दी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयों का तांता लग गया।
बीते कुछ दिनों से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि यह जोड़ी फरवरी के तीसरे सप्ताह में शादी के बंधन में बंध सकती है। हालांकि, अब तक दोनों ने शादी को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया था। सगाई की पुष्टि के साथ ही इन चर्चाओं पर भी मुहर लग गई है, जिससे फैंस के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।
पिछले साल सार्वजनिक हुआ रिश्ता
शिखर धवन और सोफी शाइन ने पिछले साल अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके बाद से ही दोनों अक्सर एक-दूसरे के साथ नजर आने लगे। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान जब धवन पहली बार सोफी के साथ सार्वजनिक मंच पर दिखे, तभी से यह जोड़ी चर्चा में आ गई थी। बाद में धवन ने खुद इस रिश्ते की पुष्टि कर दी थी।
कैरियर में भी मजबूत पहचान
आयरलैंड की रहने वाली सोफी शाइन पेशे से प्रोडक्ट कंसल्टेंट हैं। उन्होंने लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग और मैनेजमेंट में डिग्री हासिल की है। फिलहाल वह अबू धाबी में नॉर्दर्न ट्रस्ट कॉर्पोरेशन में सेकंड वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं और अपने करियर में एक मजबूत पहचान बना चुकी हैं।
बीते रिश्ते का कठिन दौर
धवन की निजी जिंदगी इससे पहले काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है। करीब ढाई साल पहले उनका आयशा मुखर्जी से तलाक हुआ था। धवन ने उस दौर को मानसिक रूप से बेहद कठिन बताया था। आयशा, जो उनसे उम्र में दस साल बड़ी हैं और किक बॉक्सर रह चुकी हैं, ने साल 2012 में धवन से शादी की थी। साल 2021 में दोनों के अलग होने की जानकारी सामने आई थी।
आंकड़ों में भी गब्बर का दम
अगर क्रिकेट करियर की बात करें तो शिखर धवन ने भारतीय टीम के लिए तीनों प्रारूपों में अहम योगदान दिया है। उन्होंने 34 टेस्ट मैचों में 7 शतकों के साथ 2,315 रन बनाए। वनडे क्रिकेट में 167 मुकाबलों में 17 शतक और 39 अर्धशतकों की मदद से 6,793 रन उनके नाम दर्ज हैं। वहीं, 68 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 1,759 रन जोड़े।


आँखें न्यूज़ 24 




