सुनील ग्रोवर की Aamir Khan मिमिक्री, गार्ड्स ने असली आमिर को ही बाहर निकाला

सुनील ग्रोवर ने आमिर खान की ऐसी नकल उतारी कि गार्ड्स ने असली आमिर को ही बाहर कर दिया। हैप्पी पटेल के प्रमोशन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर मचा रहा है धूम।

सुनील ग्रोवर की Aamir Khan मिमिक्री, गार्ड्स ने असली आमिर को ही बाहर निकाला
Sunil Grover and Aamir Khan

कुछ दिन पहले कपिल शर्मा के शो पर सुनील ग्रोवर आमिर खान की नकल करते नजर आए थे और उनकी परफेक्ट मिमिक्री ने दर्शकों को दंग कर दिया था। सुनील ने जिस बारीकी से आमिर के हाव-भाव, आवाज़ और अंदाज़ को पकड़ा, उसने खुद आमिर खान को भी चौंका दिया। आमिर ने खुले तौर पर सुनील की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्हें अपनी ऐसी सटीक नकल पहले कभी देखने को नहीं मिली।

अब उसी मिमिक्री का इस्तेमाल आमिर खान ने अपनी आने वाली फिल्म हैप्पी पटेल के प्रमोशन के लिए किया है। आमिर ने सुनील ग्रोवर के साथ मिलकर एक स्पूफ वीडियो बनाया है, जिसमें सुनील एक बार फिर आमिर खान के किरदार में नज़र आते हैं। इस वीडियो में कॉमेडी इतनी रियल है कि फर्क कर पाना मुश्किल हो जाता है कि असली आमिर कौन है।

वीर दास को चेक बांटते दिखे ‘आमिर बने सुनील’
वीडियो की शुरुआत में सुनील ग्रोवर, आमिर खान के रूप में, वीर दास को चेक देते दिखाई देते हैं। वीर दास मजाकिया अंदाज़ में पूछते हैं कि आमिर कुछ अलग लग रहे हैं। इस पर सुनील जवाब देते हैं कि वो वर्कआउट कर रहे हैं, इसलिए बदलाव नज़र आ रहा है। इसके बाद वो वीर दास की तारीफों के पुल बांध देते हैं और उन्हें राज कपूर और नोलन के बाद का नाम बता देते हैं।

रिलीज़ से पहले बोनस और सीक्वल का चेक
मजाक यहीं नहीं रुकता। सुनील, आमिर के अंदाज़ में, फिल्म रिलीज़ से पहले ही वीर दास को बोनस का चेक थमा देते हैं और साथ ही सीक्वल बनाने की बात भी कह देते हैं। यह सीन फिल्म इंडस्ट्री के अंदरूनी मजाक को बेहद हल्के-फुल्के अंदाज़ में दिखाता है, जो दर्शकों को खूब गुदगुदाता है।

असली आमिर की एंट्री से बढ़ा कन्फ्यूजन
इसी बीच वीडियो में असली आमिर खान की एंट्री होती है। सामने सुनील ग्रोवर को अपने ही अंदाज़ में देखकर आमिर हैरान रह जाते हैं और पूछ बैठते हैं कि आखिर ये हो क्या रहा है। उल्टा वीर दास ही आमिर से सवाल कर लेते हैं कि आप कौन हैं। इस पर आमिर मजाक में कहते हैं कि क्या तू गजनी बन गया है, मैं तेरा प्रोड्यूसर हूं।

आमिर जब गार्ड्स को बुलाते हैं तो कहानी नया मोड़ ले लेती है। सुनील ग्रोवर गार्ड्स को भी चेक थमा देते हैं और हालात ऐसे बन जाते हैं कि सुरक्षाकर्मी सत्या और गणेश असली आमिर खान को ही बाहर ले जाने लगते हैं। करीब 3 मिनट 46 सेकेंड का यह वीडियो दर्शकों को आखिर तक हंसाने में कामयाब रहता है।

16 जनवरी को रिलीज़ होगी ‘हैप्पी पटेल’
वीर दास, इमरान खान और मिथिला पालकर स्टारर फिल्म हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस 16 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। फिल्म का टीज़र और ट्रेलर पहले ही दर्शकों को पसंद आ चुका है और अब आमिर खान का यह अनोखा प्रमोशन वीडियो फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा रहा है। खास बात यह है कि फिल्म में आमिर खान खुद भी एक खास भूमिका में नज़र आने वाले हैं।