दीवार कूदकर भागे TMC विधायक जीवन कृष्ण साहा, ED ने खेत से पकड़ा – शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तारी

पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले में ईडी ने TMC विधायक जीवन कृष्ण साहा को खेत से पकड़कर गिरफ्तार किया। रेड के दौरान साहा ने सबूत नष्ट करने की कोशिश की और मोबाइल तालाब में फेंक दिया। पढ़ें पूरी खबर।

दीवार कूदकर भागे TMC विधायक जीवन कृष्ण साहा, ED ने खेत से पकड़ा – शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तारी
TMC MLA Jeevan Krishna Saha

पश्चिम बंगाल में बहुचर्चित शिक्षक भर्ती घोटाले (Teacher Recruitment Scam) की जांच कर रही ईडी (ED) ने सोमवार को बड़ा एक्शन लिया। मुर्शिदाबाद जिले के बुरवान से तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक जीवन कृष्ण साहा को गिरफ्तार किया गया।

एजेंसी की टीम जब रेड करने पहुंची तो विधायक साहा ने दीवार फांदकर भागने की कोशिश की। हालांकि, ईडी के अधिकारियों ने पीछा कर उन्हें पास के खेत से पकड़ लिया।

खेत में पकड़े गए, कपड़ों पर लगी मिट्टी
सूत्रों के मुताबिक, जब साहा को पकड़ा गया उस समय उनके कपड़े और शरीर मिट्टी से सने हुए थे। बताया जाता है कि गिरफ्तारी से पहले उन्होंने सबूत नष्ट करने की कोशिश भी की।

विधायक ने अपना मोबाइल फोन घर के पास बने तालाब में फेंक दिया, लेकिन ईडी की टीम ने तालाब से उनके दोनों मोबाइल बरामद कर लिए। अब इन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

मुखबिर ने खोला राज
ईडी की छापेमारी बिरभूम जिले के एक व्यक्ति की सूचना पर की गई, जिसने भर्ती घोटाले से जुड़े पैसों के लेन-देन का खुलासा किया था। यही व्यक्ति ईडी अधिकारियों के साथ टीएमसी विधायक के घर भी पहुंचा।

कई ठिकानों पर छापेमारी
विधायक साहा के मुर्शिदाबाद स्थित आवास के साथ-साथ ईडी ने उनके रघुनाथगंज स्थित ससुराल और बिरभूम जिले में उनके पर्सनल असिस्टेंट के घर पर भी छापेमारी की। फिलहाल साहा से पूछताछ जारी है और उन्हें कोलकाता ले जाकर अदालत में पेश किया जाएगा।

पहले भी हो चुकी पूछताछ और गिरफ्तारी
यह पहला मौका नहीं है जब जीवन कृष्ण साहा पर कार्रवाई हुई है। अप्रैल 2023 में सीबीआई (CBI) ने उन्हें शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तार किया था। एक महीने बाद मई 2023 में उन्हें जमानत मिल गई थी।

ईडी अब इस मामले के मनी लॉन्ड्रिंग एंगल की जांच कर रही है, जबकि सीबीआई आपराधिक साजिश और अनियमितताओं की तहकीकात कर रही है।