UP विधानसभा में हंगामा: योगी के मंत्री ने सपा विधायक से कहा- 'बीवी की कसम खाओ'... जानिए पूरा मामला
UP विधानसभा में ‘हर घर जल’ योजना पर बहस के दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह के “बीवी की कसम” बयान से हंगामा मच गया। जानें पूरी कहानी।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान ‘हर घर जल’ योजना पर जोरदार बहस देखने को मिली। सपा विधायक फहीम इरफान ने योजना की प्रगति पर सवाल खड़े किए, जिसके जवाब में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह का अंदाज आक्रामक हो गया।
मंत्री का बयान – 'बीवी की कसम खाओ'
जब सपा विधायक ने कई गांवों में पानी न पहुंचने की शिकायत की, तो मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा, 'बीवी की कसम खाओ कि आपके यहां पानी नहीं आ रहा है।' इस बयान के बाद सदन का माहौल गर्म हो गया और सपा विधायकों ने जमकर हंगामा किया।
योजना की प्रगति पर मंत्री का दावा
स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि ‘हर घर जल’ योजना का 90% से ज्यादा काम पूरा हो चुका है और 31 दिसंबर 2025 तक सभी काम खत्म हो जाएंगे। उन्होंने चुनौती दी कि अगर विधायक के गांव में पानी नहीं आ रहा होगा तो वे पद से इस्तीफा दे देंगे, लेकिन विधायक कसम खाकर बोलें।
गांव के प्रधान का जिक्र और जांच का सुझाव
मंत्री ने कहा कि विधायक के गांव का प्रधान साजिद है, और अभी फोन कर पूछ सकते हैं कि पानी पहुंचा या नहीं। वहीं फहीम इरफान ने पलटवार करते हुए कहा कि मंत्री पहले पश्चिमी यूपी के जिलों की हकीकत देखें। उन्होंने जांच की चुनौती दी और कहा कि अगर सरकारी आंकड़े सही निकले तो वे खुद विधानसभा से इस्तीफा दे देंगे।
मंत्री का अंतिम तर्क और समस्याओं का हवाला
स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि यह कोई छोटी योजना नहीं है, लाखों घरों में पानी पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि कई बार गांवों में लोग ट्रैक्टर से पाइप तोड़ देते हैं, नल की टोटी खोल लेते हैं, लेकिन सरकार काम कर रही है। जो कंपनियां काम में लापरवाही करेंगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और जेल भेजा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि साल के अंत तक बचा हुआ काम पूरा हो जाएगा।


आँखें न्यूज़ 24 




