भारत-पाक तनाव के बीच पीएम मोदी ने बुलाई हाई लेवल मीटिंग, डोभाल, राजनाथ समेत सेना प्रमुख थे मौजूद
, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 7, लोक कल्याण मार्ग पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एनएसए अजीत डोभाल, सीडीएस जनरल अनिल चौहान, सशस्त्र बलों के प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर शनिवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में सीमा की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और पाकिस्तान के सैन्य दुस्साहस का जवाब देने की रणनीति पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास पर हुई बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 7, लोक कल्याण मार्ग पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, एनएसए अजीत डोभाल, सीडीएस जनरल अनिल चौहान, सशस्त्र बलों के प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस बैठक को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पाकिस्तान ने आज सुबह विभिन्न सैन्य और हवाई प्रतिष्ठानों पर हवाई हमले किए, जिन्हें भारतीय रक्षा बलों ने नाकाम कर दिया।
भारत ने रावलपिंडी के नूर खान एयरबेस सहित पाकिस्तान के विभिन्न हवाई ठिकानों पर भी हमला किया और सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाया। पिछले 24 घंटों में प्रधानमंत्री की रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ यह दूसरी बैठक है।


आँखें न्यूज़ 24 




