गोपालगंज में शादी के मंडप से दूल्हे का अपहरण, दुल्हन पक्ष पर हमला; लौंडा नाच पार्टी पर किडनैपिंग का आरोप

सुरेंद्र शर्मा के बेटे की बारात साधु चौक मोहल्ले में आई थी। बारात में मनोरंजन के लिए लौंडा नाच पार्टी बुलाई गई थी। नाच-गाने के दौरान विवाद हुआ, जो हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि लौंडा नाच पार्टी के सदस्यों ने दुल्हन पक्ष के साथ मारपीट की और मंडप से दूल्हे को अगवा कर गाड़ी में डालकर फरार हो गए।

गोपालगंज में शादी के मंडप से दूल्हे का अपहरण, दुल्हन पक्ष पर हमला; लौंडा नाच पार्टी पर किडनैपिंग का आरोप
Groom kidnapped from wedding venue in Gopalganj

बिहार के गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के साधु चौक मोहल्ले में शुक्रवार-शनिवार की रात एक शादी समारोह में मंडप से दूल्हे के अपहरण का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वारदात रात करीब 2 बजे हुई। दूल्हे के अपहरण के साथ-साथ दुल्हन और उसके परिजनों के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना भी हुई।

जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा दुबौली निवासी सुरेंद्र शर्मा के बेटे की बारात साधु चौक मोहल्ले में आई थी। बारात में मनोरंजन के लिए लौंडा नाच पार्टी बुलाई गई थी। नाच-गाने के दौरान विवाद हुआ, जो हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि लौंडा नाच पार्टी के सदस्यों ने दुल्हन पक्ष के साथ मारपीट की और मंडप से दूल्हे को अगवा कर गाड़ी में डालकर फरार हो गए।

दुल्हन पक्ष पर हमला और घर में लूटपाट
झगड़े के दौरान आरोपियों ने दुल्हन और उसकी मां समेत कई महिलाओं को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके अलावा घर में घुसकर आभूषण और अन्य कीमती सामानों की लूटपाट भी की गई। इस घटना ने शादी के माहौल को मातम में बदल दिया और पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस की जांच और कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दूल्हे को सकुशल मुक्त कराने के लिए गोपालगंज, बरौली और सिवान की पुलिस टीमें काम कर रही हैं।

पुलिस का बयान और आश्वासन
सदर एसडीपीओ प्रांजल त्रिपाठी ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने और दूल्हे को बरामद करने का आश्वासन दिया है। हालांकि, दूल्हा अब तक लापता है, जिससे दुल्हन और उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

इलाके में सनसनी 
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। शादी के जश्न का माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।