तिरुपति बालाजी मंदिर पहुंचे संजीव गोयनका, चढ़ाया करोड़ों का सोना; मांगी मन्नत
कोलकाता के एक श्रद्धालु ने शुक्रवार को भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में 3.63 करोड़ रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण दान किए। ये दानवीर कोई और नहीं बल्कि IPL 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मालिक संजीव गोयनका हैं। संजीव गोयनका ने 5.2 किलोग्राम हीरे और रत्न जड़ित आभूषण दान किए, जिनकी कीमत 3.63 करोड़ रुपये है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर मंदिर में दर्शन की फोटोज भी शेयर की हैं।
संजीव गोयनका और उनके परिवार का मंदिर दर्शन भारतीय प्रीमियर लीग के इस सीजन के फिर से शुरू होने से एक दिन पहले हुआ। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण आईपीएल को एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया था। इससे पहले गुरुवार को, लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के तेज गेंदबाज मयंक यादव को चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के शेष सीजन से बाहर कर दिया गया। आईपीएल ने एक बयान जारी कर इस फैसले की घोषणा की। 22 वर्षीय यादव को न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज विल ओ'राउरके ने रिप्लेस किया है। उन्हें पीठ की चोट है।
गौरतलब है कि भगवान वेंकटेश्वर मंदिर आंध्र प्रदेश के तिरुमाला में स्थित है और इसे तिरुपति बालाजी मंदिर भी कहा जाता है। ये भगवान विष्णु के अवतार, वेंकटेश्वर को समर्पित है और भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक है। यह मंदिर आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में तिरुमाला की पहाड़ियों पर स्थित है।


आँखें न्यूज़ 24 




