रेप केस के आरोपी AAP विधायक हरमीत सिंह हिरासत से फरार, पुलिस पर फायरिंग का आरोप

पंजाब के सनौर से AAP विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा रेप और धोखाधड़ी के मामले में बुरी तरह फंस गए हैं। करनाल से गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत से फरार होकर उन्होंने पंजाब की राजनीति में हलचल मचा दी। पढ़ें पूरा मामला।

रेप केस के आरोपी  AAP विधायक हरमीत सिंह हिरासत से फरार, पुलिस पर फायरिंग का आरोप
AAP MLA Harmeet Singh Pathanmajra

पंजाब की राजनीति में सनसनी फैल गई है जब सनौर से AAP विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा (Harmit Singh Pathanmajra) पर गंभीर आपराधिक आरोप लगने के बाद पुलिस की गिरफ्तारी से जुड़े नाटकीय घटनाक्रम सामने आए। मंगलवार (2 सितंबर) को पुलिस ने उन्हें हरियाणा के करनाल से हिरासत में लिया था, लेकिन थाने ले जाते समय वह पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गए।

पुलिस पर फायरिंग और पुलिसकर्मी घायल
सूत्रों के मुताबिक, विधायक और उनके समर्थकों ने पुलिस टीम पर हमला किया। इस दौरान फायरिंग भी हुई, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। यही नहीं, पठानमाजरा ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। फरार होने के लिए उन्होंने Scorpio और Fortuner कारों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने Fortuner को कब्जे में ले लिया, लेकिन Scorpio में सवार विधायक अब भी फरार हैं।

महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ रेप और धोखाधड़ी का केस
26 अगस्त को जीरकपुर की एक महिला ने पठानमाजरा के खिलाफ Sexual Harassment की शिकायत दी थी। सोमवार को पुलिस ने उनके खिलाफ रेप, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी (Rape, Fraud, Criminal Intimidation) जैसी धाराओं में FIR दर्ज की। FIR में महिला ने आरोप लगाया कि विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में शादीशुदा होते हुए भी 2021 में उससे विवाह कर लिया।

हरियाणा में गिरफ्तारी और फिर हाई-वोल्टेज ड्रामा
मंगलवार सुबह पुलिस टीम ने हरियाणा के करनाल से विधायक को हिरासत में लिया था। लेकिन जैसे ही उन्हें थाने लाया जा रहा था, समर्थकों की मदद से उन्होंने फिल्मी अंदाज़ में भागने की कोशिश की और कामयाब हो गए। इस दौरान हरियाणा पुलिस की भारी फोर्स भी मौके पर मौजूद थी, फिर भी विधायक भाग निकले।

पार्टी के खिलाफ बगावत और AAP नेतृत्व पर हमला
रेप केस सामने आने के बाद से ही पठानमाजरा पार्टी नेतृत्व पर हमलावर थे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व पंजाब में सीधा हस्तक्षेप कर रहा है, जबकि कांग्रेस और बीजेपी सरकारों के दौरान ऐसा नहीं होता था। विधायक का कहना था, मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सकती है, मैं जेल भी जा सकता हूं, लेकिन मेरी आवाज़ दबाई नहीं जा सकती।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
सनौर विधानसभा क्षेत्र फिलहाल बाढ़ की चपेट में है। पठानमाजरा ने इस मुद्दे पर भी प्रशासन और सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि आपदा के समय प्रशासन ने लापरवाही बरती और जनता को समय पर राहत नहीं मिली।