अहमदाबाद विमान हादसा: DGCA का कड़ा रुख, एयर इंडिया के 3 अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करने का आदेश

अहमदाबाद विमान हादसे में 270 लोगों की जान गई। DGCA ने एयर इंडिया के तीन अधिकारियों को सुरक्षा उल्लंघनों के चलते बर्खास्त करने का आदेश दिया। प्रारंभिक जांच में तकनीकी विफलता की ओर इशारा।

अहमदाबाद विमान हादसा: DGCA का कड़ा रुख, एयर इंडिया के 3 अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करने का आदेश
प्रतीकात्मक तस्वीर

अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 12 जून 2025 को हुए एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान टेकऑफ के 49 सेकंड के अंदर ही क्रैश हो गया, जिसमें कुल 270 यात्रियों की मौत हो गई। इस हादसे ने विमानन सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भारत की नागरिक उड्डयन नियामक संस्था DGCA ने हादसे की जांच के दौरान पाए गए गंभीर सुरक्षा उल्लंघनों को लेकर एयर इंडिया को निर्देश दिया है कि वह अपनी फ्लाइट क्रू शेड्यूलिंग से जुड़े तीन वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करे।

क्या थी बड़ी खामियां?
- अनिवार्य लाइसेंसिंग मानकों का पालन न करना।
- क्रू मेंबर्स को पर्याप्त आराम का समय न देना।
- रीसेंसी (पिछले अनुभव) मानदंडों की अनदेखी।

एयरलाइन की तरफ से सामने आई खामियों ने यह साबित कर दिया कि सुरक्षा मापदंडों का बार-बार उल्लंघन हो रहा था।

तकनीकी विफलता भी बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में ब्लैक बॉक्स से मिली जानकारी में यह संकेत मिला है कि टेकऑफ के समय तकनीकी विफलता हुई थी। हालांकि, जांच अभी जारी है, और सभी संभावित कारणों की गहन समीक्षा की जा रही है।

स्पेशल ऑडिट: एयरबस और ड्रीमलाइनर विमानों की जांच
हादसे के बाद DGCA ने देशभर में एयरबस और ड्रीमलाइनर विमानों का विशेष निरीक्षण शुरू किया है। इस कदम का उद्देश्य भविष्य में ऐसे हादसों को रोकना है।