Air India Plane Crash: क्या दोनों इंजन बंद होने से हुआ था हादसा? जांच में बड़े संकेत मिले
Air India विमान हादसे की जांच में बड़ा खुलासा—RAT सिस्टम एक्टिव, दोनों इंजन के फेल होने की आशंका गहराई। ब्लैक बॉक्स जांच जारी है।
एयर इंडिया के भीषण विमान हादसे को दो हफ्ते से ज्यादा समय गुजर चुका है, लेकिन इसकी सही वजह अब भी सामने नहीं आई है। हादसे में 242 यात्रियों में से सिर्फ एक ही जीवित बच सका, जबकि बाकी सभी की मौत हो गई।
अब तक की जांच में सबसे बड़ा संदेह विमान के दोनों इंजनों के फेल हो जाने पर है। एयरक्राफ्ट एक्सपर्ट्स और एयर इंडिया के पायलटों ने इस घटना को फ्लाइट सिम्युलेटर में दोहराने की कोशिश की।
सिम्युलेटर टेस्ट में क्या पता चला?
जांचकर्ताओं ने लैंडिंग गियर खुले और फ्लैप्स बंद होने जैसी स्थिति को सिम्युलेटर पर टेस्ट किया। नतीजा यह निकला कि केवल इन दो कारणों से विमान नहीं गिर सकता।
इससे संकेत मिलता है कि घटना के पीछे कोई बड़ी तकनीकी गड़बड़ी, खासकर इंजन फेलियर या बिजली आपूर्ति (Electrical Failure) की आशंका मजबूत होती जा रही है।
Emergency Power Turbine (RAT) खुद एक्टिव हुआ
फ्लाइट रिकॉर्डिंग और ग्राउंड रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में RAT (Ram Air Turbine) सिस्टम खुद एक्टिव हो गया था। यह केवल तभी एक्टिव होता है जब विमान के दोनों इंजन बंद हो जाते हैं और मुख्य पावर सप्लाई फेल हो जाती है।
इससे यह अंदेशा और गहरा हो गया है कि हादसे के समय विमान में ना सिर्फ इंजन बंद हो गए थे बल्कि बिजली की आपूर्ति भी पूरी तरह से ठप हो चुकी थी।
वीडियो फुटेज से मिले अहम सुराग
टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद विमान ऊंचाई नहीं पकड़ सका और तेजी से नीचे गिर गया। वीडियो फुटेज में साफ दिखता है कि विमान की ऊंचाई बढ़ ही नहीं पाई। सिम्युलेटर जांच में सामने आया कि लैंडिंग गियर आधा मुड़ा हुआ था, लेकिन उसके दरवाजे खुले नहीं थे। यह संकेत देता है कि विमान में हाइड्रोलिक सिस्टम फेल या बिजली सप्लाई रुक गई थी।
ब्लैक बॉक्स की जांच जारी
अब तक AAIB (Aircraft Accident Investigation Bureau) और एयर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह तकनीकी फेलियर की ओर मुड़ गई है। विमान के ब्लैक बॉक्स यानी फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर की गहन जांच की जा रही है।


आँखें न्यूज़ 24 




