नौकरी मांगने आए युवक ने Courier Manager को ऑफिस में मारी गोली, वाराणसी में सनसनीखेज वारदात
वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र में एक युवक ने कोरियर कंपनी के मैनेजर को नौकरी से इनकार पर गोली मार दी। पूरी घटना CCTV में कैद हुई है। पुलिस जांच में जुटी है और पीड़ित खतरे से बाहर है।
वाराणसी जिले के चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक युवक ने कोरियर कंपनी के मैनेजर को उनके ही ऑफिस में घुसकर गोली मार दी। घटना प्रज्ञा नगर कॉलोनी स्थित एक प्रतिष्ठित कोरियर कंपनी के गोदाम में उस समय घटी, जब मैनेजर विकास तिवारी, रोज़ की तरह अगले दिन की डिलीवरी लिस्ट तैयार कर रहे थे।
घटना की जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक मंगलवार को सुबह इसी ऑफिस में नौकरी मांगने आया था। उसे विकास तिवारी ने वैकेंसी न होने का हवाला देते हुए ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह देकर लौटा दिया। युवक इस बात से नाराज़ हो गया और दो घंटे बाद फिर ऑफिस पहुंचा।
रात के समय अकेले मौजूद मैनेजर ने जब उसे फिर टालने की कोशिश की, तो युवक गुस्से में आ गया और कमर से तमंचा निकालकर विकास तिवारी पर फायर कर दिया। गोली उनके चेहरे और नाक को छूती हुई निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और घायल अवस्था में विकास को फौरन ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित खतरे से बाहर है, लेकिन जांच के लिए CT स्कैन किया गया है।
DCP काशी जोन गौरव बंसवाल के अनुसार, आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज से की जा रही है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी तय है।
घायल मैनेजर रोहतास, बिहार के निवासी हैं और वर्तमान में वाराणसी के चितईपुर क्षेत्र में किराए पर रह रहे हैं। वह प्रज्ञा नगर स्थित इस कोरियर कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




