वो मुझमें दिलचस्पी नहीं ले रही...शादी से पहले राजा रघुवंशी ने जताई थी चिंता, सोनम सिर्फ चार दिन रही ससुराल में
राजा रघुवंशी और सोनम की अरेंज मैरिज में अब उमा रघुवंशी ने किए कई खुलासे। हनीमून से लेकर फोन कॉल तक, जानिए क्या कुछ सामने आया।
राजा और सोनम की शादी को लेकर अब नए-नए खुलासे हो रहे हैं। राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने सामने आकर इस रिश्ते से जुड़े कई अहम पहलुओं को उजागर किया है। उन्होंने बताया कि यह शादी पूरी तरह से पारिवारिक सहमति से हुई थी और दोनों परिवार इस रिश्ते को लेकर बेहद खुश थे।
उमा ने बताया कि 11 मई को दोनों की शादी हुई थी। शादी के बाद सोनम करीब चार दिन तक ससुराल में रही, इसके बाद वह अपने मायके चली गई। इस दौरान सोनम ने हनीमून पर जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन राजा ने कहा कि बाद में समय निकालकर जाएंगे।
पढ़ें: Raja raghuwanshi murder case: सोनम रघुवंशी ही थी साजिशकर्ता, शिलांग ट्रिप बना था हत्या का प्लान
शादी से पहले की बातचीत में आई थी झिझक
राजा की मां ने बताया कि शादी से पहले ही राजा ने कहा था कि सोनम उसमें ज़्यादा इंटरेस्ट नहीं दिखा रही है। वह फोन पर बात नहीं करती थी, जिससे राजा ने शादी को लेकर अपना मन बदलने की बात कही थी। हालांकि बाद में उमा ने खुद सोनम से फोन पर बात की और पूछा कि वह बात क्यों नहीं करती। सोनम ने जवाब दिया कि वह ऑफिस के काम में व्यस्त रहती है। इसके बाद दोनों की बातचीत शुरू हो गई थी।
मूवी देखने की इच्छा भी रह गई अधूरी
उमा रघुवंशी ने बताया कि एक बार राजा ने सोनम के साथ मूवी देखने जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन सोनम की मां ने मना कर दिया और कहा कि उनके परिवार में इस तरह का चलन नहीं है।
पढ़ें: राजा रघुवंशी हत्याकांड: हनीमून पर गया पति, मेघालय में हुई हत्या; पत्नी सोनम गाजीपुर से गिरफ्तार
शिलॉन्ग ट्रिप पर भी उठे सवाल
उमा ने बताया कि शादी के बाद सोनम ने खुद शिलॉन्ग का टिकट बुक कराया, और फिर राजा को जानकारी दी। जब राजा ने अपनी मां से बात की तो बताया कि सोनम हनीमून के लिए कह रही है और टिकट भी बुक कर चुकी है। इतना ही नहीं, उमा का यह भी दावा है कि सोनम ने वापसी का टिकट नहीं कराया था, जिससे संदेह और बढ़ गया।
रिश्ता कैसे जुड़ा था?
उमा ने बताया कि सोनम के परिवार ने पहले फोन किया और रिश्ता लेकर आए। उन्हें यह रिश्ता सही लगा, तो लड़की देखने के लिए बुलाया। दोनों ने बिना किसी दबाव के शादी के लिए हां कहा और सब कुछ शांतिपूर्वक हुआ।


आँखें न्यूज़ 24 




