एनकाउंटर में ढेर हुआ 1 लाख का इनामी बदमाश नफीस उर्फ ‘मुर्दा’, 3 दर्जन से ज्यादा मुकदमों में था वांटेड

शामली जिले में यूपी पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक लाख के इनामी नफीस उर्फ मुर्दा को मार गिराया गया। नफीस पर हत्या, लूट, डकैती और नकली करेंसी जैसे गंभीर अपराधों के 3 दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे।

एनकाउंटर में ढेर हुआ 1 लाख का इनामी बदमाश नफीस उर्फ ‘मुर्दा’, 3 दर्जन से ज्यादा मुकदमों में था वांटेड
शामली जिले के कांधला थाना क्षेत्र के भभीसा जंगल में एनकाउंटर के बाद पुलिस जांच करती हुई।

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ (Encounter) में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश नफीस उर्फ मुर्दा की मौत हो गई। कांधला थाना क्षेत्र के भभीसा गांव के जंगलों में पुलिस की चेकिंग के दौरान नफीस ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियां उसे लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच शुरू
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी शामली एनपी सिंह सहित जिले के तमाम अधिकारी, फोरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच यूनिट मौके पर पहुंची। पूरे इलाके की छानबीन की जा रही है। वहीं पुलिस अब नफीस के बाकी साथियों की तलाश में जुट गई है जो अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

कौन था नफीस उर्फ ‘मुर्दा’?
नफीस उर्फ मुर्दा कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल का रहने वाला था। वह शामली जिले का कुख्यात अपराधी था जिस पर हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, और नकली करेंसी रैकेट जैसे गंभीर आरोप थे।

पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। नकली करेंसी के मामले में उसका नाम कई बार राज्यभर में चर्चा में रहा। उसकी गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने ₹1 लाख का इनाम घोषित किया था।

प्लान था बड़ी वारदात का
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि पुलिस को इनपुट मिला था कि नफीस अपने गिरोह के साथ किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना पर भभीसा जंगल में घेराबंदी की गई, जहां पुलिस टीम का सामना बदमाशों से हुआ। मुठभेड़ के दौरान कई राउंड फायरिंग हुई जिसमें नफीस को गोली लग गई जबकि उसके साथी मौके से भाग निकले।

बरामदगी और राहत की सांस
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। इलाके में नफीस के आतंक से लोग लंबे समय से दहशत में थे। उसके मारे जाने के बाद अब स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।