'द ग्रेट इंडियन कपिल शो': सिद्धू की धमाकेदार वापसी, अर्चना पूरन सिंह के साथ नेटफ्लिक्स पर नई शुरुआत

द ग्रेट इंडियन कपिल शो का तीसरा सीजन 21 जून से नेटफ्लिक्स पर शुरू होगा। नवजोत सिंह सिद्धू की धमाकेदार वापसी और अर्चना पूरन सिंह के साथ कपिल का यह शो देगा हंसी का डबल डोज़। जानें क्या है नया।

'द ग्रेट इंडियन कपिल शो': सिद्धू की धमाकेदार वापसी, अर्चना पूरन सिंह के साथ नेटफ्लिक्स पर नई शुरुआत
the great indian kapil show

नेटफ्लिक्स और कपिल शर्मा एक बार फिर दर्शकों को हंसी से भरपूर पलों का तोहफा देने जा रहे हैं। 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का तीसरा सीजन 21 जून से शुरू होने वाला है, जिसमें सबसे बड़ा सरप्राइज है नवजोत सिंह सिद्धू की वापसी। शो के मेकर्स ने हाल ही में एक मजेदार प्रोमो जारी किया, जिसमें कपिल, अर्चना पूरन सिंह को सरप्राइज देते हुए दिखते हैं।

प्रोमो में कपिल ने अर्चना की आंखों पर पट्टी बांधकर उन्हें एक बड़ा सरप्राइज देने का वादा किया। जब अर्चना ने पट्टी हटाई, तो सामने सिद्धू को देखकर उनके होश उड़ गए। वहीं, कपिल और सिद्धू मस्ती भरे अंदाज में डांस करते हुए नजर आए।

सिद्धू की वापसी पर प्रतिक्रिया
सिद्धू ने अपनी वापसी को लेकर कहा, द ग्रेट इंडियन कपिल शो में लौटना मेरे लिए घर लौटने जैसा है। यह मंच हमेशा से मेरे दिल के करीब रहा है। फैंस और शुभचिंतकों की डिमांड पर मैं फिर से इस परिवार का हिस्सा बनकर बहुत उत्साहित हूं।

उन्होंने अपनी स्टाइल में शेर सुनाते हुए कहा, गुरु, हमने मिलकर यह आशियाना सजाया है। गुजरा जमाना फिर से लौटके आया है। मैं यूं ही नहीं पहुंचा हूं यहां पर दोबारा,
मुझे खींचकर जनता का प्यार लाया है।

कपिल का बयान
कपिल शर्मा ने सिद्धू की वापसी पर खुशी जताते हुए कहा, हमने वादा किया था कि हर शुक्रवार हमारा परिवार बढ़ेगा। सिद्धू पाजी के आने से अब यह परिवार और मजबूत हो गया है। इस सीजन में हम दर्शकों को तीन गुना ज्यादा मस्ती, शायरी और जोक्स का डोज़ देंगे।

अन्य कलाकारों की उपस्थिति
शो में सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा जैसे कलाकार भी अपने लोकप्रिय किरदारों के साथ दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।