बिहार चुनाव 2025: एनडीए की लहर में भी ‘बाहुबलियों’ का दम बरकरार, मोकामा में अनंत सिंह की धमाकेदार लीड
बिहार चुनाव 2025 के शुरुआती नतीजों में एनडीए भारी बहुमत की ओर बढ़ रहा है। वहीं मोकामा, दानापुर, रघुनाथपुर, ब्रह्मपुर और वारिसलीगंज जैसी सीटों पर बाहुबलियों और उनके परिवारों के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला देखा जा रहा है। मोकामा से अनंत सिंह बड़ी बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि वारिसलीगंज में बीजेपी की अरुणा देवी आगे हैं। कई सीटों पर बाहुबली उम्मीदवारों की साख दांव पर लगी है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों ने राज्य की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव दर्शाया है। एनडीए बहुमत के जादुई आंकड़े 122 सीटों से कहीं आगे बढ़ता दिख रहा है, जो मौजूदा सरकार के लिए मजबूत जनसमर्थन का संकेत है। दूसरी ओर, जनता की उत्सुकता का बड़ा केंद्र बनकर उभरी हैं वे सीटें जहां बाहुबलियों या उनके परिवारों ने चुनावी ताल ठोकी है। इन सीटों पर नतीजे रोचक मोड़ ले रहे हैं और हर राउंड के साथ तस्वीर बदल रही है।
मोकामा हमेशा की तरह इस बार भी सुर्खियों का केंद्र बना हुआ है। जेडीयू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे बाहुबली नेता अनंत सिंह 17वें राउंड तक 17 हजार से अधिक वोटों की मजबूत बढ़त हासिल कर चुके हैं। छह राउंड की गिनती के बाद भी वे लगातार आगे चल रहे हैं। आरजेडी उम्मीदवार वीणा देवी काफी पीछे छूटती जा रही हैं।
इस सीट पर मुकाबला इसलिए भी दिलचस्प रहा क्योंकि वीणा देवी बाहुबली नेता सूरजभान सिंह की पत्नी हैं। ऐसे में दो बड़े दबदबे वाले परिवारों के बीच टक्कर ने मोकामा को पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना दिया।
रघुनाथपुर में कड़ी टक्कर, ओसामा शहाब पीछे – जेडीयू के विकास कुमार आगे
रघुनाथपुर सीट पर वोटों की गिनती रोमांच से भरी हुई है। आरजेडी के बाहुबली उम्मीदवार ओसामा शहाब पिछड़ गए हैं जबकि जेडीयू के विकास कुमार ने बढ़त बना ली है। दोनों के समर्थकों में बेचैनी बढ़ती जा रही है क्योंकि हर राउंड में अंतर बदलता नजर आ रहा है।
दानापुर में रीतलाल यादव की बढ़त, रामकृपाल यादव दूसरे स्थान पर
दानापुर सीट पर एक बार फिर बाहुबली रीतलाल यादव का प्रभाव देखने को मिल रहा है। शुरुआती रुझानों में वे मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं। बीजेपी उम्मीदवार रामकृपाल यादव दूसरे स्थान पर हैं। यह सीट भी लंबे समय से बाहुबल और सियासत के संगम के कारण सुर्खियों में रहती आई है।
ब्रह्मपुर में उलटफेर – लोजपा(आर) के हुलास पांडे पिछड़े
ब्रह्मपुर सीट की तस्वीर उम्मीदों के उलट दिख रही है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चर्चित प्रत्याशी हुलास पांडे पीछे चल रहे हैं जबकि आरजेडी के शुभम नाथ यादव बढ़त में हैं। यह नतीजा लोजपा(आर) के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
वारिसलीगंज में दो बाहुबली परिवारों का आमना-सामना
वारिसलीगंज में शुरुआत से ही मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। यहां दो बाहुबली नेताओं की पत्नियों के बीच कांटे की लड़ाई देखी जा रही है।
— बीजेपी की अरुणा देवी (पत्नी: अखिलेश सिंह)
— आरजेडी की अनीता देवी (पत्नी: अशोक महतो)
अरुणा देवी अब तक के रुझानों में आगे चल रही हैं जबकि अनीता देवी लगभग 2165 वोटों से पीछे हैं। यह सीट बाहुबलियों की प्रतिष्ठा की वजह से पूरे चुनाव में सुर्खियों में बनी रही।
लालगंज में शिवानी शुक्ला पिछड़ीं, बीजेपी के संजय सिंह आगे
लालगंज सीट भी चुनावी हॉटस्पॉट रही। यहां बाहुबली नेता मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला मैदान में थीं। लेकिन शुरुआती रुझानों में वे पीछे चल रही हैं और बीजेपी के संजय कुमार सिंह आगे निकल चुके हैं। मुन्ना शुक्ला इस समय जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं, पर उनकी राजनीतिक पकड़ का असर सीट पर हमेशा महसूस किया जाता रहा है।
बाहुबलियों की साख पर चुनाव — नतीजे साफ, लेकिन संदेश गहरा
बिहार की राजनीति में बाहुबलियों का प्रभाव समय-समय पर देखने को मिलता रहा है। 2025 का चुनाव भी इससे अछूता नहीं रहा। मोकामा, दानापुर, ब्रह्मपुर, रघुनाथपुर और वारिसलीगंज जैसी सीटें इस बात का सबूत हैं कि बाहुबलियों और उनके परिवारों की पकड़ अभी भी कई इलाकों में मौजूद है।
हालांकि रुझानों से यह भी साफ है कि जनता ने कुछ जगहों पर नए समीकरणों और विकास के मुद्दों को ज्यादा महत्व दिया है।


आँखें न्यूज़ 24 




