हरियाणवी मॉडल शीतल चौधरी हत्याकांड: शादीशुदा प्रेमी ने रची साजिश, हुआ खौफनाक सच का पर्दाफाश

हरियाणवी मॉडल शीतल चौधरी की हत्या का चौंकाने वाला मामला, जिसमें उनके प्रेमी सुनील की गिरफ्तारी ने कई रहस्यों से पर्दा उठाया।

हरियाणवी मॉडल शीतल चौधरी हत्याकांड: शादीशुदा प्रेमी ने रची साजिश, हुआ खौफनाक सच का पर्दाफाश
Model Sheetal Chaudhary

हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में नहर से हरियाणवी मॉडल शीतल चौधरी का शव बरामद हुआ, जिसने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया। शीतल, जो म्यूजिक वीडियो में अभिनय करती थीं, पानीपत में अपनी बहन के साथ रहती थीं। 14 जून को वह शूटिंग के लिए घर से निकलीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने पानीपत थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

प्रेमी सुनील की गिरफ्तारी
सोनीपत पुलिस ने जांच के दौरान शीतल के प्रेमी सुनील को मुख्य आरोपी माना। सुनील ने हत्या को हादसा दिखाने के लिए एक बड़ी साजिश रची। हालांकि, पुलिस की सख्ती के सामने वह टिक नहीं पाया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सुनील शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है।

आखिरी कॉल का खौफनाक सच
शीतल की बहन नेहा ने बताया कि 14 जून की रात डेढ़ बजे शीतल ने वीडियो कॉल पर कहा था कि सुनील उसके साथ मारपीट कर रहा है। इसके बाद शीतल का फोन स्विच ऑफ हो गया। अगले दिन सुबह पुलिस को पानीपत के पास नहर में सुनील की कार मिली, लेकिन शीतल का कोई पता नहीं था। सोमवार सुबह खरखौदा में नहर से शीतल का शव बरामद हुआ। शव की पहचान उसके हाथ और छाती पर बने टैटू से हुई।

चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस ने बताया कि शीतल के शरीर पर चाकू के कई वार के निशान थे। सुनील ने स्वीकार किया कि उसने शीतल की हत्या कर दी थी। सुनील शादीशुदा होने के बावजूद शीतल से रिश्ता बनाए रखना चाहता था, लेकिन शीतल ने इस रिश्ते को खत्म कर दिया था। इसी के चलते वह शीतल के पीछे पड़ा हुआ था। शीतल और सुनील की जान-पहचान 6 साल पुरानी थी। पहले शीतल करनाल में सुनील के होटल में नौकरी करती थीं।