टीन शेड नहीं, पॉलीथीन टेंट गिरा; मीडिया ने बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया — बागेश्वर धाम हादसे पर धीरेंद्र शास्त्री की सफाई
छतरपुर के बागेश्वर धाम में भारी बारिश के बीच टेंट गिरने से एक श्रद्धालु की मौत और कई घायल। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हादसे पर दुख जताया और सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित किए। पढ़ें पूरी खबर।
मध्यप्रदेश के बागेश्वर धाम में गुरुवार को भारी बारिश के दौरान एक हादसा हो गया। बारिश से बचने के लिए कुछ लोग पुराने मैदान के एक पॉलीथीन टेंट के नीचे बैठे थे, तभी उस पर पानी भर गया और टेंट का पाइप गिर गया। इस घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हो गए।
बागेश्वर धाम सरकार, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने खुद कथा के दौरान हादसे पर दुख व्यक्त किया और स्पष्ट किया कि यह कोई बड़ा हादसा नहीं था जैसा मीडिया में बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हादसे में घायल सभी लोग हमारे अपने परिवार जैसे हैं और हम उनके लिए दुखी हैं।
क्या बोले धीरेंद्र शास्त्री?
'अत्यधिक बारिश के कारण एक छोटी सी घटना हुई। किसी ने गलत न्यूज चला दी कि टीन शेड गिर गया। हमने भी सोचा कि इतना मजबूत शेड एक दिन में कैसे गिर सकता है? असल में पुराने ग्राउंड में पॉलीथीन टेंट का पाइप पानी भरने से गिरा। वहां 4-5 लोग बारिश से बचने के लिए बैठे थे। उन्हें चोटें आईं।' पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि घायलों में एक श्रद्धालु की हालत गंभीर थी और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
कार्यक्रम स्थगित, लेकिन कथा जारी रहेगी
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हादसे के चलते जन्मदिन के पहले होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। हमारा मन नहीं माना कि दुख के बीच में सांस्कृतिक आयोजन करें। लेकिन अनुष्ठान और कथा पर विराम नहीं लगेगा। वह अपने क्रम से पूरी की जाएगी।
भारी बारिश के लिए सावधानी की सलाह
उन्होंने सभी दुकानदारों और टेंट लगाने वालों से अपील की कि पॉलीथीन की जगह मजबूत शेड और टेंट का उपयोग करें ताकि भविष्य में किसी को कोई कष्ट न हो। इस क्षेत्र में भारी बारिश होती है और लाखों लोग आते हैं। इसलिए व्यवस्थाओं को मजबूत बनाया जाए।


आँखें न्यूज़ 24 




