बिहार में विकल्प तैयार’: केजरीवाल ने कहा — INDIA गठबंधन खत्म, अब अकेले लड़ेंगे चुनाव

बिहार चुनाव 2025 से पहले अरविंद केजरीवाल का बड़ा एलान — INDIA गठबंधन अब खत्म, आम आदमी पार्टी अकेले मैदान में उतरेगी। जनता के लिए अब AAP विकल्प बनेगी।

बिहार में विकल्प तैयार’: केजरीवाल ने कहा — INDIA गठबंधन खत्म, अब अकेले लड़ेंगे चुनाव
Arvind Kejriwal

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अहमदाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए गुजरात और बिहार में पार्टी के आगामी चुनावी रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने दो टूक कहा कि अब पार्टी का कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं है और गुजरात विधानसभा चुनाव AAP अकेले लड़ेगी।

केजरीवाल ने कहा, India गठबंधन लोकसभा चुनाव तक था। अब हम अकेले लड़ेंगे। गुजरात में हमने विसावदर उपचुनाव कांग्रेस से अलग लड़ा और तीन गुना ज्यादा वोट से जीते। जनता ने बता दिया है कि अब विकल्प आम आदमी पार्टी है।

BJP पर हमला: 'गुजरात की बर्बादी का जिम्मेदार'
केजरीवाल ने गुजरात में बीजेपी के 30 साल के शासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, सूरत की बाढ़ मानव निर्मित है। बीजेपी के भ्रष्टाचार की वजह से ही बाढ़ आई। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसानों को यूरिया नहीं मिल रहा। सब वर्ग नाराज हैं लेकिन विकल्प नहीं होने की वजह से भाजपा जीत जाती है। कांग्रेस पर कोई भरोसा नहीं क्योंकि कांग्रेस भाजपा की जेब में है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उम्मीदवार जीतेगा ही नहीं और अगर जीत भी गया तो भाजपा में चला जाएगा। अब जनता ने मन बना लिया है कि “भाजपा को हटाना है।”

‘गुजरात जोड़ो’ अभियान का एलान
AAP अब गुजरात में गुजरात जोड़ो अभियान शुरू कर रही है। उन्होंने कहा कि अगले 2.5 साल तक हर घर तक 5-5 बार पहुंचना है। केजरीवाल ने गुजरात के युवाओं से अपील की — जो युवा भ्रष्टाचार मुक्त विकास चाहते हैं, वो AAP से जुड़ें। तरक्की के लिए अपनी-अपनी पार्टियां छोड़कर आम आदमी पार्टी में आएं।

दिल्ली और पंजाब पर भी बोले
दिल्ली में हार पर केजरीवाल ने कहा कि हार-जीत होती रहती है। पंजाब में भरोसा जताते हुए कहा कि वहां दोबारा आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।