Bihar Election 2025: NDA का CM फेस तय, नीतीश कुमार या कोई और? गिरिराज सिंह ने सब कुछ क्लियर कर दिया
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए का मुख्यमंत्री चेहरा नीतीश कुमार हैं। उन्होंने सीट शेयरिंग विवादों को खारिज किया और महागठबंधन पर भी हमला बोला। जानिए चुनाव की तारीखें और एनडीए की रणनीति।
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बड़ी बातें की हैं। उन्होंने साफ किया कि एनडीए में मुख्यमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार को ही चेहरा बनाया गया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सीट शेयरिंग को लेकर सभी घटक दलों के बीच बातचीत चल रही है और जल्द ही अंतिम फॉर्मूला सामने आ जाएगा।
गिरिराज सिंह ने कहा, "एनडीए के अंदर सबकुछ तय है। मुख्यमंत्री पद का चेहरा नीतीश कुमार हैं और किसी भी तरह की नाराजगी या मतभेद नहीं है। सीट बंटवारे पर चर्चा जारी है, और जैसे ही अंतिम निर्णय होगा, आपको इसकी जानकारी दी जाएगी।"
महागठबंधन पर निशाना, RJD और कांग्रेस की खींचतान उजागर
गिरिराज सिंह ने महागठबंधन (Grand Alliance) पर हमला बोलते हुए कहा कि यह बंटे हुए घर जैसा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि तेजस्वी यादव सिर्फ आरजेडी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं, महागठबंधन के नहीं। उनके अनुसार, कांग्रेस के बयान के बाद RJD सुप्रीमो लालू यादव चिंतित और भयभीत हैं।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, "एनडीए की नीति, नेतृत्व और नीयत पूरी तरह से स्पष्ट है। हमारे गठबंधन में कोई मतभेद नहीं हैं और सभी दल एकजुट हैं।"
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखें और प्रक्रिया
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 दो चरणों में होंगे। पहले चरण की मतदान प्रक्रिया 6 नवंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। चुनाव की मतगणना 14 नवंबर को संपन्न होगी।


आँखें न्यूज़ 24 




