बिहार चुनाव 2025: लालू यादव के आरोपों पर नित्यानंद राय का पलटवार, कहा- 'निराशा में बेतुकी बातें कर रहे हैं'
बिहार चुनाव 2025 से पहले सियासी जंग तेज हो गई है। लालू यादव ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर महिलाओं से अभद्रता का आरोप लगाया। इस पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष निराशा में बेतुकी बातें कर रहा है। जानें पूरा मामला।
बिहार की राजनीति में बयानबाजी का दौर लगातार तेज हो गया है। गुरुवार को आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिहार बंद के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर शिक्षिकाओं, छात्राओं, गर्भवती महिलाओं, पत्रकारों और यहां तक कि राह चलती महिलाओं से भी बदसलूकी की। लालू यादव ने इसे "शर्मनाक" करार देते हुए बीजेपी पर हमला बोला।
नित्यानंद राय का पलटवार
लालू यादव के इन आरोपों का जवाब केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने दिया। उन्होंने कहा कि लालू यादव और उनकी पार्टी अब समझने लगी है कि बिहार चुनाव 2025 का परिणाम क्या होने वाला है। नित्यानंद राय ने कहा, लालू यादव हों, तेजस्वी यादव हों, राहुल गांधी हों या इंडी गठबंधन के कोई भी नेता – सबको पता चल गया है कि उनका सूपड़ा साफ होने वाला है। इसलिए वे निराशा में बेतुकी बातें कर रहे हैं।
'जनता अब विकास में विश्वास करती है'
नित्यानंद राय ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकासशील से विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ रहा है। लेकिन विपक्ष के नेता अब भी "लालटेन युग" की सोच में फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे ताकतवर है और जनता अब परिवारवाद, अपराध, नरसंहार, अस्पतालों में अव्यवस्था और वर्गभेद नहीं चाहती। जनता अब विकास और सुशासन चाहती है, इसी वजह से विपक्ष के नेता बेतुके आरोप लगाने लगे हैं।
दरभंगा विवाद और बिहार बंद की वजह
दरअसल, विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब दरभंगा में महागठबंधन के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर अपशब्द कहे गए। इसके विरोध में एनडीए महिला मोर्चा ने बिहार बंद का आह्वान किया। बंद के दौरान सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें वायरल हुईं, जिनमें बीजेपी कार्यकर्ताओं पर लोगों को जबरन सहयोग करने का आरोप लगा। इन्हीं तस्वीरों के आधार पर लालू यादव ने बीजेपी पर महिलाओं से अभद्रता और जबरदस्ती करने का आरोप लगाया था।
चुनावी सरगर्मी और बढ़ी टकराहट
बिहार चुनाव नजदीक आते ही सियासी बयानबाजी और तेज होती जा रही है। एक ओर विपक्ष एनडीए सरकार और बीजेपी पर लगातार हमले कर रहा है, वहीं सत्ता पक्ष विपक्ष को निराश और हताश बताकर पलटवार कर रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति और गरमा सकती है।


आँखें न्यूज़ 24 




