बिहार में शराबबंदी की पोल खोलते अजब-गजब तरीके: फूलों की टोकरी से लेकर घोड़े और सिलेंडर तक छुपाई जा रही शराब

बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नये-नये तरीके अपनाकर शराब बेच रहे हैं। फूलों की टोकरी, बुर्का, सिलेंडर, घोड़ा और कूरियर बॉय का इस्तेमाल कर शराब की तस्करी के कई अजब-गजब मामले सामने आए। पढ़ें पूरी कहानी।

बिहार में शराबबंदी की पोल खोलते अजब-गजब तरीके: फूलों की टोकरी से लेकर घोड़े और सिलेंडर तक छुपाई जा रही शराब

बिहार में शराबबंदी लागू है, लेकिन शराब के प्रति लोगों का लगाव और तस्करों का लालच अब भी खत्म नहीं हो पाया है। शराब की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और उत्पाद विभाग लगातार कार्रवाई कर रहे हैं, मगर तस्कर भी शराब बेचने के लिए रोज़ नए-नए नायाब तरीके खोज लेते हैं।

शराबबंदी के इस खेल में कभी फूलों की टोकरी में शराब मिलती है तो कभी बुर्का पहने महिला तस्कर पकड़ी जाती है। घोड़े से शराब की खेप भेजी जाती है तो कभी सिलेंडर में शराब छुपाई जाती है।

कटिहार: फूलों की टोकरी में छिपाकर लाई जा रही शराब
ताजा मामला बिहार के कटिहार जिले का है। यहां एक तस्कर फूलों की टोकरी में शराब छिपाकर ला रहा था ताकि किसी को शक न हो। हाटे-बाजारे की ट्रेन से फूलों के बीच छुपाई गई करीब 15 लीटर देसी शराब को आरपीएफ और मद्य निषेध विभाग ने रेलवे पार्सल ऑफिस से जब्त कर लिया। पुलिस ने इस दौरान पिंटू मित्रा नाम के एक तस्कर को गिरफ्तार किया। उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि तस्करों के इस नये तरीके को वक्त रहते नाकाम कर दिया गया।

नवादा: टैंकर से भारी मात्रा में शराब बरामद
नवादा जिले के गोविंदपुर में भी पुलिस ने एक चौंकाने वाली बरामदगी की। गोविंदपुर चौक पर गुप्त जांच के दौरान एक टैंकर से भारी मात्रा में शराब जब्त की गई। यह खेप छत्तीसगढ़ से लाई जा रही थी। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।

कूरियर बॉय से शराब डिलीवरी
कटिहार में ही गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक कूरियर बॉय के बैग से 35 लीटर देशी शराब बरामद की। पूछताछ में उसने बताया कि उसे पैसे का लालच देकर यह काम कराया गया। शराबबंदी वाले बिहार में कूरियर बॉय के जरिए शराब पहुंचाना लोगों को हैरान कर गया।

घोड़े पर शराब तस्करी
पश्चिम चंपारण के नौतन इलाके में पुलिस ने एक घोड़े को पकड़ा जिसके साथ 50 लीटर देसी शराब बरामद हुई। पुलिस को देखते ही तस्कर घोड़ा छोड़कर भाग गया। यह घोड़ा दो दिन तक थाने में ही खड़ा रहा।

सिलेंडर में शराब भरकर भेजी
गोपालगंज में यूपी से एक तस्कर बाइक पर घरेलू गैस सिलेंडर में शराब छुपाकर ला रहा था। पुलिस को शक होने पर जब सिलेंडर को पलटा तो उसके अंदर शराब देखकर सभी हैरान रह गए।

बुर्का पहनकर शराब तस्करी
कटिहार में ही एक महिला बुर्का पहनकर 9 लीटर अंग्रेजी शराब ट्रेन से ला रही थी। मनिया स्टेशन पर जब महिला कॉन्स्टेबल ने जांच की तो उसके पास से शराब मिली।