अब बिजली गई तो मिलेगी सूचना और राहत, ऊर्जा विभाग की बैठक में बड़ा फैसला
बिहार में बिजली आपूर्ति को मजबूत करने के लिए ऊर्जा सचिव मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, सात निश्चय-3 योजनाओं, स्मार्ट मीटर क्षतिपूर्ति और उपभोक्ता सुविधाओं पर अहम फैसले।
बिहार की बिजली व्यवस्था को और ज्यादा भरोसेमंद व आधुनिक बनाने की दिशा में सोमवार को एक अहम कदम उठाया गया। ऊर्जा विभाग के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक हुई। इस बैठक में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत चल रही और निर्माणाधीन विद्युत परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान खासतौर पर ‘सात निश्चय-3’ योजना के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम में शामिल सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और आम लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
उत्पादन से लेकर वितरण तक बुनियादी ढांचे पर फोकस
इसके साथ ही ‘सात निश्चय-3’ के पार्ट-6 ‘मजबूत आधार, आधुनिक विस्तार’ के तहत बिजली उत्पादन, संचरण और वितरण से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। उद्देश्य साफ है—राज्य में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को तकनीकी रूप से सुदृढ़ और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना।
प्रगति यात्रा और कृषि कनेक्शन पर विशेष जोर
ऊर्जा सचिव ने ‘प्रगति यात्रा’ के अंतर्गत आने वाली सभी योजनाओं को भी समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और नए कृषि कनेक्शन को तेजी से उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देने की बात कही गई, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
कम बिजली आपूर्ति पर उपभोक्ताओं को राहत
‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत नागरिकों की सुविधा को केंद्र में रखते हुए कई अहम फैसले भी लिए गए। मनोज कुमार सिंह ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में 21 घंटे से कम बिजली आपूर्ति होती है, तो HT और स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को आपूर्ति के अनुपात में फिक्स्ड चार्ज में क्षतिपूर्ति दी जाएगी।
रियल-टाइम सूचना और उपभोक्ता सुविधा पर जोर
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अगर आधे घंटे से अधिक समय तक बिजली बाधित रहती है, तो उपभोक्ताओं को सुविधा ऐप या SMS के जरिए रियल-टाइम जानकारी दी जाए। इसके अलावा अब बिजली बिल में फ्यूज कॉल सेंटर से जुड़ी जानकारी भी दी जा रही है, जिससे उपभोक्ता सीधे समस्या दर्ज करा सकें।
शिकायत निवारण सिस्टम को तकनीकी रूप से मजबूत करने की पहल
बैठक में उपभोक्ता शिकायत निवारण प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। CGRF पोर्टल को एकीकृत ओम्नी-चैनल CRM सिस्टम से जोड़ने का निर्देश दिया गया, ताकि शिकायतों का तेजी से समाधान हो सके और उपभोक्ताओं को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
ऊर्जा क्षेत्र के शीर्ष अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महेंद्र कुमार, नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।


आँखें न्यूज़ 24 




