राहुल गांधी ने बिहार को 'क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया' बताया, कहा- आपने पूरी दुनिया को रास्ता दिखाया, अब सरकार आपको भूल गई

राजगीर में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में राहुल गांधी ने बिहार को 'क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया' बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक पहचान मिटाकर आज उसे अपराध से जोड़ा जा रहा है। साथ ही उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में पिछड़े, दलित और आदिवासी वर्ग की अनदेखी पर सवाल उठाए।

राहुल गांधी ने बिहार को 'क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया' बताया, कहा- आपने पूरी दुनिया को रास्ता दिखाया, अब सरकार आपको भूल गई
Rahul Gandhi

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को राजगीर में 'संविधान सुरक्षा सम्मेलन' को संबोधित करते हुए बिहार को "क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया" कह दिया। उन्होंने कहा कि जिस राज्य की पहचान पहले सत्य, न्याय और अहिंसा से थी, आज उसे अपराध से जोड़ा जा रहा है।

राहुल गांधी ने कहा, 21वीं सदी में बिहार की नई परिभाषा ‘क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया’ बना दी गई है। आपने कभी पूरी दुनिया को रास्ता दिखाया था। कोरिया, जापान, कुवैत, श्रीलंका तक आपकी सोच पहुंची थी। लेकिन आज आप कहां पहुंच गए? उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार ने राज्य के गौरव को भुला दिया है। उन्होंने कहा कि आपकी सरकार ने आपकी पहचान छीन ली। नालंदा यूनिवर्सिटी दुनिया भर में मशहूर थी। आज वहां से लोग रोजगार की तलाश में पलायन कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने सामाजिक न्याय की बात करते हुए निजी क्षेत्र में दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्गों की भागीदारी पर चिंता जताते हुए कहा कि देश की 500 सबसे बड़ी कंपनियों में इन वर्गों का कोई सीईओ नहीं है। यहां तक कि उनकी मैनेजमेंट टीम में भी कोई नहीं दिखता।

उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करते हुए पूछा कि  पहले सरकारी अस्पताल थे, अब निजी अस्पताल हैं। इलाज के लिए आम लोगों को लाखों रुपये देने पड़ते हैं। सरकार जमीन देती है लेकिन फायदा किसे मिलता है? दलित, आदिवासी, पिछड़े कहां हैं इन अस्पतालों में?