बिहार के सीवान में मुर्गी की हत्या: महिला बोली- 'साथ सोती थी', देवर समेत 3 पर FIR
बिहार के सीवान जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी पालतू मुर्गी की हत्या के आरोप में देवर समेत तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई है। इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा बटोरी है।
बिहार के सीवान जिले के टड़वा गांव से एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरानी में डाल दिया है। यह मामला एक महिला द्वारा अपनी पालतू मुर्गी की हत्या को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराने का है।
पीड़ित महिला रिंकी देवी ने अपने देवर गुड्डू और दो अन्य पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उसकी प्यारी मुर्गी का गला दबाकर उसे मार डाला। महिला ने बताया कि गुड्डू रोजाना दो अंडे खाता था, लेकिन इसके बावजूद उसने इस अमानवीय हरकत को अंजाम दिया।
क्या है पूरा मामला?
महिला का कहना है कि घटना चार दिन पहले हुई थी। जब उसकी मुर्गी को मारा गया, तो वह उसी दिन इसे लेकर थाने पहुंची। लेकिन पुलिस ने उसे कहा कि पहले वह मुर्गी को मिट्टी में दफनाकर आए और फिर केस दर्ज कराया जाएगा।
सोमवार (16 जून 2025) को रिंकी देवी ने फिर से थाने में जाकर एफआईआर दर्ज करवाई। पत्रकारों से बातचीत के दौरान वह भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, मेरी मुर्गी मेरी साथी थी। मैं उससे बहुत प्यार करती थी। मैं उसे अपने साथ सुलाती थी। इन तीनों ने मिलकर मेरी मुर्गी की हत्या कर दी। अब मैं न्याय चाहती हूं।
पुलिस ने क्या कहा?
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक दास ने पुष्टि की कि एफआईआर दर्ज हो चुकी है और जांच शुरू कर दी गई है। अब यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।


आँखें न्यूज़ 24 




