शिव भक्ति में लीन तेज प्रताप यादव, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ नया वीडियो
RJD नेता तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया जिसमें वे भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए। भगवा वस्त्र धारण कर शिवलिंग के सामने तपस्या करते हुए तेज प्रताप ने "हर हर महादेव" का संदेश दिया।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेज प्रताप यादव अक्सर अपने अनोखे अंदाज और बयानों के कारण चर्चा में रहते हैं। हाल ही में, उनके परिवार और पार्टी से अलग होने की खबरें सामने आईं। यह फैसला उनके पिता, लालू प्रसाद यादव, ने तेज प्रताप का नाम अनुष्का यादव के साथ जुड़ने के बाद लिया।
पार्टी और परिवार से अलग होने के बाद, तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वे भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में तेज प्रताप भगवा वस्त्र पहनकर, माथे पर चंदन लगाए, शिवलिंग के सामने तपस्या करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो के बैकग्राउंड में "ॐ नमः शिवाय" का जाप सुनाई देता है, जो माहौल को और भी भक्तिमय बना देता है। इसके साथ उन्होंने एक कैप्शन लिखा:
"अकाल मृत्यु वो मरे जो काम करे चाण्डाल का,
काल भी उसका क्या बिगाड़े जो भक्त हो महाकाल का!
ना पूछो मुझसे मेरी पहचान, मैं तो भस्मधारी हूं।
हर हर महादेव।"
बाबा विश्वनाथ के दर्शन का वीडियो भी किया साझा
तेज प्रताप यादव ने इसके पहले वाराणसी के प्रसिद्ध बाबा विश्वनाथ मंदिर के दर्शन का एक वीडियो भी साझा किया। वीडियो में वे मां गंगा के पवित्र घाटों पर आस्था प्रकट करते हुए दिखाई दिए। इस वीडियो के साथ तेज प्रताप ने एक भावुक कैप्शन लिखा:
"बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद हो,
माँ गंगा का निर्मल पवित्र घाट हो,
पूरी दुनिया को मैं भूल जाऊं और
बनारस में मेरा भोला मुझे याद हो।
हर हर महादेव।"
तेज प्रताप की ये भक्ति भरी झलक उनके समर्थकों और भक्तों के बीच काफी सराही जा रही है।


आँखें न्यूज़ 24 




