सर्जरी के बाद मैदान में लौटेंगे सूर्यकुमार यादव, एशिया कप में कर सकते हैं धमाकेदार वापसी
भारतीय क्रिकेट टीम के T20 कप्तान सूर्यकुमार यादव चोट के बाद मैदान में लौटने को तैयार हैं। जर्मनी में सर्जरी के बाद अब बेंगलुरु में नेट्स पर लौटे सूर्या, एशिया कप में हो सकती है उनकी धमाकेदार वापसी।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के समापन के बाद अब टीम इंडिया की नजरें एक अहम टी20 टूर्नामेंट पर टिक गई हैं। इस बीच एक बड़ी खबर सामने आई है – भारत के स्टार बल्लेबाज और टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव पूरी तरह फिट हो गए हैं और मैदान में लौटने की तैयारी कर रहे हैं।
हाल ही में सूर्यकुमार यादव की स्पोर्ट्स हर्निया सर्जरी जर्मनी में हुई थी। इसके कारण वे टीम से बाहर थे और जुलाई का पूरा महीना आराम में बिताया। लेकिन अब खबर है कि वे बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में लौट चुके हैं और पूरी मेहनत से नेट प्रैक्टिस कर रहे हैं।
टी20 में कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे सूर्या की वापसी से भारतीय टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है। एशिया कप में अब लगभग एक महीने का वक्त है और बीसीसीआई की मेडिकल टीम की निगरानी में सूर्या की रिकवरी तेजी से हो रही है।
सूर्यकुमार की आखिरी बड़ी परफॉर्मेंस IPL 2025 में मुंबई इंडियंस के लिए रही, जहां उन्होंने धमाकेदार बल्लेबाजी की। हालांकि तब से भारत ने कोई टी20 इंटरनेशनल नहीं खेला, जिससे उनकी अनुपस्थिति ज्यादा महसूस नहीं हुई। लेकिन अब बड़े टूर्नामेंट से पहले उनकी वापसी जरूरी मानी जा रही है।
बता दें कि अगस्त में टीम इंडिया को बांग्लादेश दौरे पर जाना था, लेकिन वो सीरीज टाल दी गई है। श्रीलंका बोर्ड के साथ नई सीरीज को लेकर बातचीत की खबरें थीं, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।


आँखें न्यूज़ 24 




