CM रेखा गुप्ता अटैक केस: आरोपी का चौंकाने वाला बयान – 'भैरव रूप में आए कुत्ते ने दिया था दिल्ली जाने का आदेश'

दिल्ली CM रेखा गुप्ता पर हमले के आरोपी राजेश खिमजी ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी ने कहा कि भैरव स्वरूप में आए कुत्ते ने उसे दिल्ली जाने और सीएम से मिलने का आदेश दिया था। पढ़ें पूरी कहानी।

CM रेखा गुप्ता अटैक केस: आरोपी का चौंकाने वाला बयान – 'भैरव रूप में आए कुत्ते ने दिया था दिल्ली जाने का आदेश'
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता और आरोपी राजेश खिमजी

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के आरोपी राजेश खिमजी को पुलिस ने रिमांड पर लिया है। पूछताछ के पहले ही दिन आरोपी ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राजेश ने बताया कि वह अपने घर पर शिव मंदिर बनाकर शिवलिंग की पूजा करता है।

कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश से जुड़ी बात
राजेश खिमजी ने पूछताछ में कहा कि जब सुप्रीम कोर्ट का आदेश कुत्तों के मुद्दे पर आया तो उसे शिवलिंग में भगवान शिव के भैरव स्वरूप के दर्शन हुए। भैरव स्वरूप में आए कुत्ते ने उसे दिल्ली जाकर अपनी बात रखने का आदेश दिया।

उज्जैन से दिल्ली तक का सफर बिना टिकट
राजेश ने बताया कि आदेश मिलने के बाद वह सोमवार को अपने घर से उज्जैन पहुंचा। वहां से भी उसी "भैरव स्वरूप के कुत्ते" ने उसे दिल्ली जाने का संकेत दिया। इसके बाद वह बिना टिकट ही ट्रेन में सवार होकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच गया।

सीएम आवास तक पहुंचने की कहानी
नई दिल्ली स्टेशन पर पहुंचकर उसने राहगीरों से सीएम रेखा गुप्ता के घर का पता पूछा। पहले मेट्रो से निकलने की कोशिश की लेकिन गलत स्टेशन पर उतर गया। इसके बाद राहगीरों से दोबारा रास्ता पूछा और रिक्शे से सीएम के आवास पहुंचा। रिक्शा चालक को उसने 50 रुपये किराया दिया।

कुत्तों को दिल्ली से बाहर न करने की अपील
पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसका मकसद सीएम रेखा गुप्ता से यह अपील करना था कि कुत्तों को दिल्ली से बाहर न किया जाए। लेकिन जब सीएम ने उसकी बात अनसुनी कर दी तो उसने गुस्से में हमला कर दिया।

शाम की ट्रेन से लौटने की योजना थी
राजेश ने पुलिस को बताया कि अपनी समस्या रखने के बाद वह उसी शाम ट्रेन से वापस गुजरात लौटने की योजना बना रहा था। हालांकि पुलिस उसके बयान की सच्चाई की जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि आरोपी जानबूझकर बयान बदलकर जांच को भटकाने की कोशिश कर रहा है।