BCCI का बड़ा प्लान: श्रेयस अय्यर बन सकते हैं Team India के नए ODI Captain, शुभमन गिल को T20 की कमान?
BCCI का बड़ा प्लान सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रेयस अय्यर को भारतीय टीम का नया वनडे कप्तान बनाया जा सकता है, जबकि शुभमन गिल को T20 की कमान सौंपी जा सकती है। जानें पूरी खबर।
एशिया कप 2025 की टीम में जगह न मिलने के बावजूद श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) के लिए बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (BCCI) ने बड़ा प्लान तैयार किया है। रिपोर्ट्स की मानें तो आने वाले समय में अय्यर को वनडे कप्तानी (ODI Captain) सौंपी जा सकती है। सरपंच साहेब के नाम से मशहूर अय्यर की भारतीय टीम में वापसी सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर नहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी के साथ हो सकती है।
शुभमन गिल को भी मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुभमन गिल (Shubman Gill) को टेस्ट कप्तानी देने के बाद टी20 फॉर्मेट (T20 Captain) की कमान भी सौंपी जा सकती है। फिलहाल, भारतीय टीम के T20 कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) हैं, लेकिन वह अब 34 साल के हो चुके हैं। ऐसे में BCCI को एक युवा कप्तान की तलाश है और गिल को उस रोल के लिए सही विकल्प माना जा रहा है।
कब तक मिलेगा श्रेयस अय्यर को मौका?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि BCCI कब श्रेयस अय्यर को वनडे कप्तान बनाएगी। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया कप के बाद एक बड़ी मीटिंग होने वाली है, जिसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली से बात करके उनके भविष्य को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
अगर रोहित और विराट वनडे या बाकी फॉर्मेट से संन्यास लेते हैं, तो नई कप्तानी रणनीति पर अमल होगा। माना जा रहा है कि श्रेयस अय्यर को 2027 वर्ल्ड कप से पहले वनडे टीम की कमान मिल जाएगी। इस पर भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे से ही मुहर लग सकती है।
तीनों फॉर्मेट में एक कप्तान मुश्किल – BCCI
BCCI का मानना है कि मौजूदा क्रिकेट शेड्यूल में किसी भी खिलाड़ी के लिए तीनों फॉर्मेट में कप्तानी करना संभव नहीं है। तीनों फॉर्मेट में खेलना और तीनों में कप्तानी करना अलग-अलग चीजें हैं। इसी वजह से बोर्ड अब अलग-अलग फॉर्मेट के लिए अलग कप्तानों की योजना बना रहा है।
BCCI की भविष्य की रणनीति
- श्रेयस अय्यर को वनडे कप्तानी देने की तैयारी।
- शुभमन गिल को टेस्ट और T20 की कमान सौंपने की योजना।
एशिया कप में शुभमन गिल को उप-कप्तान बनाकर बोर्ड ने इस रणनीति की नींव रख दी है।


आँखें न्यूज़ 24 




