दिल्ली में 3 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस-बम स्क्वॉड तैनात
दिल्ली में स्कूलों को बम धमकियाँ देने का सिलसिला जारी। आज 18 जुलाई को 3 और स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले। पुलिस और बम स्क्वॉड ने मोर्चा संभाला। जानें पूरी खबर।
दिल्ली में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। 18 जुलाई को राजधानी के तीन और स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले, जिससे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
सबसे पहले रोहिणी सेक्टर-3 स्थित अभिनव पब्लिक स्कूल को धमकी भरा ईमेल मिला। इसके बाद पश्चिम विहार के रिच मोंड स्कूल और फिर रोहिणी सेक्टर-24 के सोवरन स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल और बम स्क्वॉड की टीमें स्कूलों में तलाशी अभियान में जुट गईं। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है।
3 दिनों में 10 धमकी भरे ईमेल, 9 स्कूल निशाने पर
पिछले तीन दिनों में दिल्ली के 9 स्कूलों को कुल 10 धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। बुधवार को वसंत वैली स्कूल (साउथ दिल्ली) और द्वारका के सेंट थॉमस स्कूल को भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे।
इससे पहले इस साल 7 फरवरी को भी मयूर विहार फेस-1 के अल्कॉन पब्लिक स्कूल को ऐसी धमकी मिली थी। हालांकि सभी जगह जांच के बाद कोई विस्फोटक नहीं मिला और अधिकारियों ने इन्हें अफवाह बताया।
डार्क वेब और VPN के जरिए भेजी जा रही हैं धमकियाँ
जांच में जुटे दिल्ली पुलिस के साइबर विशेषज्ञों और वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वाले एन्क्रिप्टेड नेटवर्क, Virtual Private Network (VPN) और Dark Web का इस्तेमाल कर रहे हैं।
डार्क वेब एक ऐसा इंटरनेट का हिस्सा है जिसे सामान्य ब्राउज़रों और सर्च इंजनों से एक्सेस नहीं किया जा सकता। इसके लिए विशेष सॉफ्टवेयर की जरूरत होती है। वहीं VPN की मदद से यूज़र की असली पहचान और लोकेशन छुप जाती है।
एक अधिकारी के मुताबिक, Dark Web का पता लगाना शीशों से भरे कमरे में परछाईं का पीछा करने जैसा है। जैसे ही आपको कोई सुराग मिलता है, वह गुमनामी की एक और परत में छुप जाता है।
पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता, बच्चों और अभिभावकों से अपील
दिल्ली पुलिस ने स्कूलों की सुरक्षा बढ़ा दी है और सभी अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सभी धमकियों की गहन जांच की जा रही है।


आँखें न्यूज़ 24 




