मिडिल ईस्ट तनाव के बीच दुबई एयरपोर्ट के पास ड्रोन हमला, भारतीय समेत 4 घायल
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ड्रोन गिरने की घटना में एक भारतीय समेत चार लोग घायल हो गए। सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं जबकि मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण हजारों उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच बुधवार को दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास ड्रोन गिरने की घटना सामने आई। अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में एक भारतीय नागरिक सहित चार लोग घायल हुए हैं। दुबई प्रशासन ने बताया कि एयरपोर्ट क्षेत्र के पास दो ड्रोन गिरने से आसपास मौजूद लोगों को चोटें आईं। घायलों में घाना के दो नागरिक, बांग्लादेश का एक नागरिक और एक भारतीय शामिल हैं। सभी को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज कराया गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं।
सुरक्षा के बीच उड़ानें धीरे-धीरे सामान्य
दुबई प्रशासन के अनुसार ड्रोन गिरने की घटना के बावजूद एयरपोर्ट पर हवाई यातायात पूरी तरह बंद नहीं किया गया। हालांकि सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए उड़ानों पर असर पड़ा था। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन करने वाली दुबई एयरपोर्ट्स ने बताया कि 7 मार्च से दोनों हवाई अड्डों पर उड़ानें आंशिक रूप से फिर से शुरू कर दी गई हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे तभी एयरपोर्ट पहुंचे जब उनकी एयरलाइन उनकी फ्लाइट के समय की पुष्टि कर दे, क्योंकि उड़ानों का समय लगातार बदला जा रहा है।
कई उड़ानों में एक से डेढ़ घंटे की देरी
एयरपोर्ट प्रशासन ने यह भी बताया कि मौजूदा हालात में कई उड़ानों के समय में देरी हो रही है। औसतन 60 से 90 मिनट तक की देरी दर्ज की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है ताकि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पहले भी हो चुका है ड्रोन हमला
इससे पहले 1 मार्च को भी दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक हिस्से में ड्रोन गिरने की घटना हुई थी, जिसमें हल्का नुकसान हुआ था। उस समय चार कर्मचारी घायल हो गए थे, जिन्हें तुरंत इलाज दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक पहले से तैयार आपातकालीन योजना के चलते अधिकांश टर्मिनलों से यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। दुबई का यह एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की आवाजाही के मामले में दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में गिना जाता है।
मिडिल ईस्ट के कई एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार 28 फरवरी से अब तक क्षेत्र के सात बड़े एयरपोर्ट्स से जुड़ी 40 हजार से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। इनमें दुबई, दोहा, अबू धाबी, शारजाह, कुवैत और बहरीन जैसे प्रमुख एयरपोर्ट शामिल हैं। कुल मिलाकर करीब 51,600 उड़ानों पर असर पड़ा है। कोरोना महामारी के बाद एयर ट्रैवल में इसे सबसे बड़ी बाधा माना जा रहा है।
हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित
यूएई में फ्लाइट्स के रद्द या रीशेड्यूल होने से बड़ी संख्या में यात्री प्रभावित हो रहे हैं। एक समय में लगभग 20 हजार से अधिक यात्रियों को यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ा। एयरलाइंस लगातार नई समय-सारणी जारी कर रही हैं और यात्रियों को अपनी फ्लाइट से जुड़ी जानकारी समय-समय पर जांचने की सलाह दी जा रही है।


आँखें न्यूज़ 24 




