फतेहपुर मकबरा-मंदिर विवाद: इमरान मसूद का बीजेपी पर वार, बोले – मुसलमान होते तो छाती पर गोली मार देते

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में मकबरा-मंदिर विवाद को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बीजेपी नेताओं पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाया, मायावती ने सरकार को चेतावनी दी और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने विपक्ष पर पलटवार किया। जानें पूरा मामला।

फतेहपुर मकबरा-मंदिर विवाद: इमरान मसूद का बीजेपी पर वार, बोले – मुसलमान होते तो छाती पर गोली मार देते
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में मकबरा-मंदिर विवाद ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मकबरे के अंदर से आए वीडियो में हिंसा साफ दिखाई दे रही है, लेकिन पुलिस ने आरोपी बीजेपी जिला अध्यक्ष और हिंदुत्ववादी संगठनों के नेताओं पर सख्त कार्रवाई नहीं की। यहां तक कि एफआईआर भी दर्ज नहीं की गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा– अगर बवाल करने वाले मुसलमान होते तो उनकी छाती पर गोली मार दी जाती।

'नफरत फैलाना बंद करें, नहीं तो पीढ़ियां भुगतेंगी'
इमरान मसूद ने आगे कहा कि बवाल और तोड़फोड़ कराने के बाद अब बीजेपी मामले को सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझाने की बात कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की राजनीति समाज को बांट देगी और आने वाली पीढ़ियां इसका खामियाजा भुगतेंगी। मसूद का कहना है कि बीजेपी जब भी अपनी पोल खुलती देखती है, तो साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश रचती है, लेकिन अब जनता इनके बहकावे में नहीं आएगी।

मायावती का बयान – सरकार सख्त कदम उठाए
इस विवाद पर बसपा प्रमुख मायावती ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने 'एक्स' (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि फतेहपुर में मंदिर-मकबरा विवाद पर किसी भी समुदाय को ऐसा कदम नहीं उठाने देना चाहिए, जिससे आपसी भाईचारा और सद्भाव बिगड़े। मायावती ने सरकार से इस मामले को गंभीरता से लेने और जरूरत पड़ने पर कड़े कदम उठाने की मांग की।

डिप्टी सीएम का पलटवार – सपा-कांग्रेस पर माहौल बिगाड़ने का आरोप
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस की नीति रही है – फूट डालो, हुकूमत करो। उन्होंने कहा कि बीजेपी का संकल्प है – तुष्टिकरण किसी का नहीं, संतुष्टिकरण सबका। पाठक ने दावा किया कि फतेहपुर की स्थिति फिलहाल सामान्य है और कानून-व्यवस्था पर सरकार पूरी तरह सतर्क है।

क्या है फतेहपुर विवाद?
फतेहपुर जिले में एक मकबरे को लेकर हिंदू और मुस्लिम पक्ष आमने-सामने हैं। हिंदू संगठन दावा कर रहे हैं कि यह मकबरा दरअसल भगवान शिव और श्रीकृष्ण का मंदिर है, जबकि मुस्लिम पक्ष का कहना है कि यह नवाब अब्दुल समद का मकबरा है।

बीते सोमवार को तनाव तब बढ़ गया जब सैकड़ों की संख्या में हिंदू पक्ष के लोग मकबरे में घुस गए और तोड़फोड़ की। प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया है और दर्जनों लोगों पर एफआईआर दर्ज की है, जिनमें बीजेपी, सपा और हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी शामिल हैं।