राधिका यादव मर्डर केस: 'मुझसे कन्या वध हो गया… मुझे फांसी दे दो', आरोपी पिता का कबूलनामा

गुरुग्राम में टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या के आरोपी पिता दीपक यादव ने कबूला जुर्म। ताऊ विजय यादव बोले- 'अपना पेड़ खुद काटा।'

राधिका यादव मर्डर केस: 'मुझसे कन्या वध हो गया… मुझे फांसी दे दो', आरोपी पिता का कबूलनामा
radhika yadav murde case

गुरुग्राम की 25 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव मर्डर केस में हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं। गुरुवार, 10 जुलाई को सेक्टर 57 के सुशांत लोक स्थित घर में राधिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उनके पिता दीपक यादव ही निकले। पुलिस पूछताछ में दीपक यादव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की judicial custody में भेज दिया।

इस दर्दनाक वारदात पर अब राधिका के ताऊ (दीपक के बड़े भाई) विजय यादव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा- ये दुख की बात है कि अपना पेड़ अपने हाथ से ही काटना पड़ा। यह हम सबके लिए बहुत बड़ा सदमा है।

'मुझसे कन्या वध हो गया… मुझे फांसी दे दो' 
विजय यादव ने बताया कि घटना के वक्त वे घर पर थे। जब उन्हें इस हादसे की सूचना मिली तो वे तुरंत दीपक के घर पहुंचे। वहां दीपक ने खुद स्वीकार किया कि उसने अपनी बेटी की हत्या कर दी है। विजय यादव के मुताबिक, दीपक कह रहा था- मुझसे कन्या वध हो गया है। मेरी ऐसी रिपोर्ट बनाओ कि मुझे फांसी हो जाए।

'समाज से कोई ताने नहीं थे… ये कदम क्यों उठाया समझ नहीं आया'
विजय यादव ने कहा कि दीपक के ऊपर कोई सामाजिक दबाव या ताना नहीं था। उन्होंने कहा- अगर वो सोने का चम्मच लेकर पैदा नहीं हुआ था तो चांदी का चम्मच लेकर जरूर पैदा हुआ था। बेटी की कमाई खाने जैसी कोई बात नहीं थी। उसने राधिका और बच्चों के लिए बहुत कुछ किया। अगर उसने पहले अपनी परेशानी साझा की होती तो शायद ये घटना टल जाती।

'अब कानूनी लड़ाई लड़ेंगे ताकि बच्चों का भविष्य बच जाए'
विजय यादव ने आगे कहा कि अब परिवार की कोशिश यही रहेगी कि बाकी बच्चों का भविष्य खराब न हो। अब एक आंख तो फूट गई है, कोशिश रहेगी कि दूसरी आंख बच जाए। हम कानूनी लड़ाई लड़ेंगे ताकि कोई और बच्चा इस मामले में ना फंसे।

मामला क्या है?
गुरुग्राम के सेक्टर 57 में रहने वाली राष्ट्रीय स्तर की टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव (25) की उसके पिता दीपक यादव ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी है। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक तनाव ही इस वारदात की वजह बताई जा रही है।