हरारे में इतिहास बना, वैभव सूर्यवंशी बने जीत के हीरो, भारत छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन
भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया है। फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराया। वैभव सूर्यवंशी की 175 रन की ऐतिहासिक पारी ने रचा इतिहास।
भारत ने अंडर-19 क्रिकेट में एक बार फिर अपना दबदबा साबित कर दिया है। टीम इंडिया ने 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों के बड़े अंतर से हराकर छठी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। यह जीत न सिर्फ ट्रॉफी की थी, बल्कि रिकॉर्ड, आत्मविश्वास और भविष्य के सितारों के ऐलान जैसी रही।
जिम्बाब्वे की राजधानी हरारे में खेले गए इस महामुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 411 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में यह अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। भारतीय बल्लेबाजों के आक्रामक अंदाज के सामने इंग्लैंड के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
वैभव सूर्यवंशी का बल्ला बना इंग्लैंड के लिए काल
इस ऐतिहासिक पारी के नायक रहे वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने क्रिकेट प्रेमियों को रोमांच से भर दिया। वैभव ने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन ठोक दिए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। उन्होंने महज 55 गेंदों में शतक पूरा कर फाइनल इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ दिया, वहीं 150 रन तक पहुंचने में भी उन्हें सिर्फ 71 गेंदें लगीं। उनकी तूफानी बल्लेबाजी ने मैच को एकतरफा बना दिया।
फैल्कनर का शतक भी नहीं टाल सका हार
412 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत लड़खड़ा गई। टीम ने 177 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने 7 विकेट गंवा दिए थे। हालांकि कैलब फैल्कनर ने शानदार जुझारू पारी खेलते हुए इंग्लैंड की उम्मीदों को जिंदा रखने की कोशिश की। उन्होंने 67 गेंदों में 115 रन बनाए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के सामने इंग्लैंड 311 रन पर ही सिमट गई।
भारत बना अंडर-19 वर्ल्ड कप का सबसे सफल देश
इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा खिताब जीतने का अपना ही रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया। भारत अब छह बार चैंपियन बन चुका है, जबकि ऑस्ट्रेलिया चार खिताबों के साथ दूसरे स्थान पर है। इससे पहले भारत 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में यह खिताब जीत चुका है।
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में सुनहरा अध्याय
कप्तान आयुष म्हात्रे के लिए यह जीत हमेशा यादगार रहेगी। उनकी अगुवाई में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में संयम, आक्रामकता और रणनीति का बेहतरीन संतुलन दिखाया। आयुष की कप्तानी में मिली यह जीत उन्हें भारतीय अंडर-19 क्रिकेट इतिहास में खास स्थान दिलाती है।


आँखें न्यूज़ 24 




