हवाई सफर महंगा: इंडिगो ने बढ़ाया किराया, अब 2300 रुपये तक लगेगा फ्यूल चार्ज
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने विमान ईंधन की कीमत बढ़ने के कारण घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 425 से 2300 रुपये तक फ्यूल चार्ज लगाने का फैसला किया है। नई दरें 14 मार्च 2026 से लागू होंगी।
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकट महंगे करने का फैसला किया है। कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि विमान ईंधन की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के कारण किराये में इजाफा किया जा रहा है। नए फैसले के तहत यात्रियों को टिकट के साथ अतिरिक्त “फ्यूल चार्ज” देना होगा, जिसकी रकम 425 रुपये से लेकर 2300 रुपये तक हो सकती है। कंपनी के अनुसार नई दरें 14 मार्च 2026 से लागू होंगी और उसी दिन से सभी नई बुकिंग पर यह अतिरिक्त शुल्क जोड़ा जाएगा।
मध्य-पूर्व तनाव से बढ़ा विमान ईंधन का खर्च
कंपनी का कहना है कि मध्य-पूर्व क्षेत्र में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव की वजह से विमान ईंधन की कीमतों में अचानक और भारी बढ़ोतरी हुई है। अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ के जेट फ्यूल मॉनिटर के मुताबिक इस क्षेत्र में ईंधन की कीमतों में 85 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। विमान ईंधन किसी भी एयरलाइन के संचालन खर्च का बड़ा हिस्सा होता है, इसलिए इसकी कीमत बढ़ने से एयरलाइंस के पूरे नेटवर्क और संचालन लागत पर सीधा असर पड़ता है।
यात्रियों पर कम बोझ रखने की कोशिश
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि ईंधन की बढ़ी हुई कीमतों का पूरा असर यदि किराये में जोड़ा जाए तो टिकट काफी महंगे हो सकते हैं। लेकिन यात्रियों पर ज्यादा बोझ न पड़े, इसलिए सीमित फ्यूल चार्ज लगाने का फैसला किया गया है। इसी वजह से किराये में बहुत बड़ी बढ़ोतरी करने के बजाय अलग से यह शुल्क जोड़ा गया है, ताकि लागत का कुछ हिस्सा संतुलित किया जा सके।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर अलग-अलग फ्यूल चार्ज
नई व्यवस्था के अनुसार भारत के भीतर चलने वाली सभी घरेलू उड़ानों पर 425 रुपये का फिक्स फ्यूल चार्ज लगाया जाएगा। इसके अलावा भारतीय उपमहाद्वीप के देशों जैसे बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और मालदीव जाने वाली उड़ानों पर भी यही शुल्क लागू रहेगा। वहीं मध्य-पूर्व की उड़ानों के लिए 900 रुपये, दक्षिण-पूर्व एशिया और चीन की उड़ानों के लिए 1800 रुपये, अफ्रीका और पश्चिमी एशिया के लिए 1800 रुपये तथा यूरोप जाने वाली उड़ानों के लिए 2300 रुपये तक का फ्यूल चार्ज तय किया गया है।


आँखें न्यूज़ 24 




